CBI Raid in Motihari: हाल ही में हुआ था तबादला, अब रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए डाक अधीक्षक SS सुमन

मोतिहारी में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक अधीक्षक एस. एस. सुमन को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पहले ही उनका तबादला हुआ था। पढ़ें पूरी खबर।

Motihari post superintendent SS suman arrested by cbi
मोतिहारी में सीबीआई का छापा, घूसखोरी के आरोप में डाक अधीक्षक गिरफ्तार- फोटो : news 4 nation

पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक विभाग के अधीक्षक एस. एस. सुमन को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई की इस अचानक हुई कार्रवाई से डाक विभाग और स्थानीय प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई की इस सख्त कार्रवाई की शहर भर में व्यापक चर्चा हो रही है।


शिकायत के बाद सीबीआई ने बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा

जानकारी के मुताबिक, विभाग के ही एक कर्मी से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी. काम के बदले रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने गुप्त जांच की और मामला सही पाए जाने पर जाल बिछाया। जैसे ही डाक अधीक्षक एस. एस. सुमन ने तय राशि स्वीकार की, पहले से मुस्तैद सीबीआई अधिकारियों की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों धर दबोचा। इसके बाद टीम ने तुरंत रिश्वत की रकम बरामद कर ली।


कुछ दिनों पहले ही हुआ था तबादला, पुराने मामले में भी थे चर्चा में

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार डाक अधीक्षक एस. एस. सुमन का तबादला हाल के दिनों में ही मोतिहारी हुआ था। पदभार ग्रहण करने के कुछ ही दिनों भीतर रिश्वतखोरी के मामले में उनकी गिरफ्तारी ने विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वे अपने पिछले पदस्थापन के दौरान भी कार्यप्रणाली को लेकर विवादों में रहे थे।

सीबीआई कार्यालय ले जाकर पूछताछ जारी, विभागीय जांच के भी आदेश

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम डाक अधीक्षक एस. एस. सुमन को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। उनके कार्यालय और आवास से संबंधित कागजातों की भी सघन जांच की जा रही है। इस मामले में सीबीआई जल्द ही विस्तृत खुलासा कर सकती है, वहीं विभाग स्तर पर भी उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई तय मानी जा रही है।