Motihari Traffic News: अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर नकेल, डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
मोतिहारी शहर को भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए डीएम सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात सड़कों पर उतरे। मीना बाजार से छतौनी चौक तक फ्लैग मार्च कर दुकानदारों को चेतावनी दी और ठेलों को मनरेगा पार्क में शिफ्ट करने का निर्देश दिया।
मोतिहारी शहर को रोजाना लगने वाले भीषण जाम से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मंगलवार संध्या पहर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए यातायात थाना के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के उपरांत दोनों अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ मीना बाजार से लेकर छतौनी चौक तक पैदल फ्लैग मार्च निकाला और धरातलीय स्थिति का जायजा लिया।
ठेले वालों के लिए तय हुआ स्थान, मनरेगा पार्क में होंगे शिफ्ट
समीक्षा बैठक के दौरान डीएम और एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्य बाजार, प्रमुख पथों और चौराहों के पास सड़कों पर बेतरतीब ढंग से ठेला लगाने से जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। नए फैसले के तहत छतौनी चौक के आसपास लगने वाले सभी ठेलों को अब मनरेगा पार्क के पास स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद और पुलिस प्रशासन को तत्काल माइकिंग कराकर सभी ठेला चालकों को सूचना देने का सख्त निर्देश जारी किया गया है।

अवैध पार्किंग पर नकेल और ट्रैफिक पेट्रोलिंग में तेजी
अधिकारियों ने सड़कों के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले तीन पहिया (ऑटो/ई-रिक्शा) और चार पहिया वाहनों पर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सड़क किनारे खड़े वाहनों को तुरंत वहां से हटवाएं और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करें। इसके साथ ही शहर में ट्रैफिक पेट्रोलिंग बढ़ाने और प्रतिनियुक्त पुलिस बल को लगातार गश्त कर स्थिति पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।

अतिक्रमणकारियों को चेतावनी, अधिकारी रहे मुस्तैद
फ्लैग मार्च के दौरान डीएम व एसपी ने सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल सीमा में रहने की हिदायत दी। पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने आम जनता और दुकानदारों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस पूरी कार्रवाई और समीक्षा बैठक में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), यातायात थाना प्रभारी सहित क्षेत्र के अन्य थानों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट