Bihar News : मोतिहारी डीएम का सख्त निर्देश, BEO रोजाना स्कूलों का करेंगे औचक निरीक्षण, बच्चों संग पंगत में बैठकर खाएंगे मिड डे मील

Bihar News : मोतीहारी डीएम सौरभ सुमन यादव ने जिला के सभी बीईओ को प्रत्येक दिन विद्यालयों का औचक निरीक्षण करने का सख्त निर्देश दिया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : मोतिहारी डीएम का सख्त निर्देश, BEO रोजाना स्कूल
डीएम ने दिया निर्देश - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने शिक्षा व्यवस्था और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए सख्त रुख अपनाया है। समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को प्रत्येक कार्य दिवस में अनिवार्य रूप से विद्यालयों का औचक निरीक्षण करने का कड़ा निर्देश दिया। डीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि बच्चों को मिलने वाले भोजन और शिक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिकारी मध्याह्न भोजन के समय ही स्कूलों में औचक निरीक्षण के लिए पहुंचें। उन्होंने बीईओ को निर्देश दिया कि वे केवल खाना चखने तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों के साथ पंगत में जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण करें। भोजन की मात्रा, गुणवत्ता और स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा। इसके साथ ही, निरीक्षण की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारियों को बच्चों संग भोजन करते हुए अपनी लाइव फोटो विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में अनिवार्य रूप से साझा करनी होगी।

विद्यालय भ्रमण के दौरान अधिकारियों को स्कूल परिसर और रसोई घर की साफ-सफाई की गहन जांच करने को कहा गया है। डीएम ने निर्देश दिया कि रसोई घर में कोई भी अनावश्यक या अनुपयोगी सामग्री न रखी हो और खिड़कियों में मक्खी-मच्छरों से बचाव के लिए तुरंत जाली लगाई जाए। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्वयं तथा उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार भी समय-समय पर स्कूलों का औचक निरीक्षण करेंगे और इन सभी मानकों की जमीनी हकीकत परखेंगे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सिर्फ एमडीएम ही नहीं, बल्कि कुल छात्र नामांकन के सापेक्ष बच्चों की वास्तविक भौतिक उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यालय के बुनियादी ढांचे का भी ब्योरा तैयार करना होगा। स्कूल से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय को सौंपी जाएगी। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 7 प्रखंडों में एनजीओ/एजेंसी के माध्यम से एमडीएम संचालित हो रहा है, जिस पर डीएम ने चेताया कि एजेंसी के खाने की गुणवत्ता में खराबी मिलने पर सीधे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विद्यालयों के आधारभूत संरचना विकास की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी बीईओ को कनीय अभियंता के साथ मिलकर निर्माणाधीन व लंबित सिविल कार्यों की संयुक्त जांच करने का आदेश दिया। डीएम ने निर्देश दिया कि स्कूलवार सिविल कार्यों की दैनिक प्रगति को ट्रैक करने के लिए एक विशेष 'गूगल शीट' बनाई जाए, जिसमें प्रतिदिन के कार्यों और उनकी प्रगति रिपोर्ट को अपडेट किया जाएगा ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाई जा सके।

हिमांशु की रिपोर्ट