chhath Puja: मोतिहारी जेल में छठ की अनोखी मिसाल, 137 बंदियों में मुस्लिम महिला भी शामिल

chhath Puja: मोतिहारी सेंट्रल जेल में 137 बंदी छठ व्रत कर रहे हैं। इनमें मुस्लिम महिला रुकसाना खातून भी शामिल हैं, जो पिछले 12 साल से छठ पूजा कर रही हैं।

chhath Puja

chhath Puja: मोतिहारी में आस्था की कोई दीवार नहीं होती और श्रद्धा किसी एक धर्म तक सीमित नहीं रहती। इसकी खूबसूरत मिसाल मोतिहारी सेंट्रल जेल में देखने को मिल रही है। जेल की चारदीवारी के भीतर छठी मैया के गीत गूंज रहे हैं और भगवान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी चल रही है। इस साल जेल में कुल 137 बंदी छठ महापर्व का व्रत कर रहे हैं। इनमें 75 महिलाएं और 62 पुरुष शामिल हैं।


इस आयोजन में सबसे ज्यादा चर्चा मुस्लिम महिला बंदी रुकसाना खातून की हो रही है। वह पिछले 12 साल से पूरी श्रद्धा के साथ छठ व्रत कर रही हैं। उनकी आस्था धर्म से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और आपसी प्रेम का संदेश दे रही है।


12 साल से छठ व्रत कर रही हैं रुकसाना खातून


मोतिहारी सेंट्रल जेल में बंद मुस्लिम महिला रुकसाना खातून पिछले 12 वर्षों से लगातार छठ व्रत कर रही हैं। इनमें 11 बार उन्होंने जेल के अंदर और एक बार जेल से बाहर रहकर यह कठिन व्रत पूरा किया है। रुकसाना की छठ पर्व के प्रति श्रद्धा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी यह आस्था दिखाती है कि प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान किसी धर्म की सीमा में बंधे नहीं होते। छठ जैसे लोक पर्व में उनकी भागीदारी सामाजिक एकता की मिसाल बन रही है।


75 महिलाएं और 62 पुरुष बंदी कर रहे छठ


जेल अधीक्षक विजय कुमार अरोड़ा ने बताया कि इस साल मोतिहारी सेंट्रल जेल में कुल 137 बंदी छठ महापर्व का व्रत कर रहे हैं। इनमें 75 महिला बंदी हैं। महिला बंदियों में 52 विचाराधीन और 23 सजायाफ्ता हैं। वहीं, 62 पुरुष बंदी भी छठ व्रत कर रहे हैं। इनमें 45 विचाराधीन और 17 सजायाफ्ता बंदी शामिल हैं। सभी व्रती पूरे नियम और विधि-विधान के साथ पूजा कर रहे हैं। वे डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।


जेल परिसर में बनाया गया खास छठ घाट


बंदी व्रतियों की सुविधा के लिए जेल प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं। सभी व्रतियों को नए कपड़े, पूजा की सामग्री और अलग-अलग तरह के फल उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा जेल परिसर में बने तालाब की साफ-सफाई कराई गई है। तालाब के आसपास रंग-रोगन और सजावट भी की गई है, ताकि बंदी पूरे विधि-विधान से छठ पूजा कर सकें। इस आयोजन को लेकर जेल के अंदर उत्साह का माहौल है।


जेल की दीवारों के बीच मिल रहा सामाजिक एकता का संदेश


मोतिहारी सेंट्रल जेल में मनाया जा रहा छठ महापर्व केवल पूजा और परंपरा तक सीमित नहीं है। यह आयोजन प्रेम, विश्वास, आपसी भाईचारे और इंसानियत का संदेश भी दे रहा है। जेल की ऊंची दीवारों के बीच जब अलग-अलग धर्मों के लोग एक साथ छठ पर्व में शामिल हो रहे हैं, तो यह तस्वीर समाज को आपसी सम्मान और एकता की सीख दे रही है। मुस्लिम महिला रुकसाना खातून की श्रद्धा इस आयोजन को और खास बना रही है।