Motihari Jewelry Loot Case Solved: मोतीहारी में 20 लाख की ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा, 7 लाख कैश और आभूषण के साथ 5 गिरफ्तार

मोतीहारी के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से हुई 20 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। मुख्य आरोपी गोलू सहित 5 बदमाशों को दबोचा और ₹7 लाख नगद व जेवर बरामद किए।वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर SIT को मिली सफलताल

Motihari jewelry loot case solved 5 arrested cash gold recov
मोतीहारी में 20 लाख के आभूषण लूटकांड का पर्दाफाश; सर्राफ सहित 5 शातिर अपराधी चढ़े पुलिस के हत्थे- फोटो : Reporter

मोतीहारी के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोढ़वा चौक पर बीती 12 जून को एक स्वर्ण व्यवसायी से करीब 20 लाख रुपये के आभूषणों की बड़ी लूट हुई थी। पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेकर इस वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। गठित विशेष जांच दल (SIT) ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए वारदात में शामिल पांच शातिर अपराधियों को दबोच लिया है। सदर डीएसपी 2 जितेश कुमार पाण्डेय ने प्रेसवार्ता कर इस बड़ी कामयाबी की जानकारी दी।


अपराधियों के पास से भारी मात्रा में कैश, जेवर और बाइक बरामद

गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी बरामदगी की है। पुलिस टीम ने उनके पास से 6 लाख 95 हजार 380 रुपये नगद, 436 ग्राम लूटे गए सोने के आभूषण और चांदी की तीन जोड़ी पायल बरामद की हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल या उससे जुड़ी दो मोटरसाइकिलें और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पूछताछ में सभी बदमाशों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है, जिसके बाद न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।


व्यवसायी को घेरकर हथियार के बल पर लूटा था बैग

यह वारदात उस समय हुई थी जब गोढ़वा चौक के आभूषण व्यवसायी शिवजी साह अपनी दुकान बंद कर वापस अपने घर पतौरा लौट रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और हथियार का भय दिखाकर जेवरों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद से ही पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार जाल बिछा रही थी।


पश्चिम चंपारण के सर्राफा व्यवसायी को बेचा था माल, वो भी गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान अपराधियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने सारे आभूषण पश्चिम चंपारण के योगापट्टी स्थित धनौतिया पीपरा के एक सर्राफा व्यवसायी अवधेश साह को बेच दिए थे। जेवर खरीदने के बदले अवधेश ने बदमाशों को 6 लाख 50 हजार रुपये दिए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आभूषण खरीदने वाले सर्राफ अवधेश साह को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 6 लाख 69 हजार रुपये बरामद किए। वहीं, मुख्य आरोपी गोलू कुमार ने लूट के पैसों से एक नई बाइक भी खरीद ली थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।


छापेमारी टीम में शामिल रहे ये जांबाज, आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास

इस सफल छापेमारी अभियान में सदर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमित कुमार, दारोगा चंदन कुमार, रोहन कुमार, पंकज कुमार, पप्पू दूबे, सुभाष कुमार, अजीत कुमार, बसंत कुमार, सोनू कुमार के साथ जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है; आरोपी संजय कुमार के खिलाफ बंजरिया थाना में हत्या और गोलू कुमार पर नगर थाना में रंगदारी का मामला पहले से दर्ज है। पुलिस अन्य आरोपियों के इतिहास को भी खंगाल रही है।

रिपोर्ट - हिमांशु