Bihar News: मोतीहारी में शराब माफियाओं पर ऑपरेशन ! वायरल वीडियो के बाद SP का ताबड़तोड़ एक्शन, LTF प्रभारी और चौकीदार निलंबित

Bihar News:अवैध शराब कारोबार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

Bihar News: मोतीहारी में शराब माफियाओं पर ऑपरेशन ! वायरल वीड

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण के मोतीहारी में अवैध शराब कारोबार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही स्वर्ण प्रभात ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई कर दी, जिससे पूरे इलाके में खलबली मच गई।यह मामला सुगौली थाना क्षेत्र के मुसवा भेड़ियारी गांव का है, जहां देशी चुलाई शराब बनाए जाने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे और मामला तेजी से तूल पकड़ गया।

एसपी के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया। सुबह-सुबह पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। इस दौरान करीब 180 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई और तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया।कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। जांच में लापरवाही और कर्तव्यहीनता सामने आने पर एसपी ने सख्त कदम उठाते हुए सदर अनुमंडल के एलटीएफ प्रभारी और एक चौकीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय स्तर पर यह मामला प्रशासन और शराब माफियाओं के बीच चल रही लगातार खींचतान का बड़ा उदाहरण बन गया है। वायरल वीडियो ने न सिर्फ अवैध कारोबार की पोल खोली, बल्कि पुलिस की जवाबदेही को भी कठघरे में खड़ा कर दिया।मोतीहारी पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद इलाके में संदेश गया है कि अवैध गतिविधियों और लापरवाही पर अब किसी भी स्तर पर ढील नहीं दी जाएगी।फिलहाल पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है, ताकि शराब माफियाओं की कमर तोड़ी जा सके।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार