मोतिहारी के थाना में तैनात चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, रक्सौल डीएसपी मौके पर पहुंचे, जाँच शुरू
Bihar News : पूर्वी चंपारण जिले के पलनवा थाना में तैनात चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया चालक की मौत छत से गिरने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान राजकुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह हरसिद्धि थाना क्षेत्र के उजैन लोहियर पंचायत के वार्ड संख्या-06 के निवासी थे और पलनवा थाना में चालक के पद पर कार्यरत थे। राजकुमार शर्मा की मौत की खबर मिलते ही उनके गांव और परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल डीएसपी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
हिमांशु की रिपोर्ट