मोतीहारी में बड़ी साजिश नाकाम: 700 लीटर, 700 लीटर जहरीला स्प्रिट, आम जनता तक पहुंचती तो इलाके में होता मौत का तांडव
मोतीहारी पुलिस ने 700 लीटर जहरीला स्प्रिट (Methanol) बरामद कर बड़ी त्रासदी रोक दी है। इस कांड में 5 की मौत के बाद तुरकौलिया थानेदार सस्पेंड और चौकीदार गिरफ्तार।
Motihari - बिहार के मोतीहारी (पूर्वी चंपारण) में जहरीली शराब कांड के बीच जिला पुलिस और एसआईटी ने एक बहुत बड़ी त्रासदी को होने से रोक लिया है। पुलिस ने पिपराकोठी के सलेमपुर स्थित एक नाले से छिपाकर रखा गया 700 लीटर स्प्रिट बरामद किया है। केमिकल एग्जामिनेशन रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बरामद स्प्रिट 'प्योर मेथेनॉल' (Pure Methanol) है, जो अत्यंत जहरीला होता है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि अगर समय रहते यह खेप बाजार में खप जाती, तो जिले में हजारों लोगों की जान जा सकती थी।
5 की मौत के बाद एक्शन में प्रशासन
बता दें कि इसी जहरीली खेप का एक छोटा हिस्सा तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्रों में पहुँचा था, जिसे पीने से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब आधा दर्जन लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 7 लोग प्राथमिक उपचार के बाद घर लौट चुके हैं। इस बड़ी लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए एसपी ने तुरकौलिया थानेदार उमाशंकर माझी को निलंबित कर दिया है। वहीं, शराब तस्करों से सांठगांठ के आरोप में चौकीदार भरत राय को गिरफ्तार किया गया है, जिसका संबंधी इस काले कारोबार से जुड़ा था।
तस्करों का जाल: कैसे पहुँची मौत की खेप?
एसआईटी की जांच में शराब माफियाओं के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। जांच के अनुसार पिपराकोठी के माफिया कन्हैया और राजा ने यह जहरीला स्प्रिट मंगवाया था। इन्होंने इसे परसौना के खलीफा और सुनील शाह को बेचा। आगे इस खेप को नागा रॉय और जम्मू बैठा को सप्लाई किया गया।
नागा रॉय ने परसौना और जम्मू बैठा ने बालगंगा इलाके में इसे वितरित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजा, जम्मू बैठा और नागा रॉय को गिरफ्तार कर लिया है।
डीआईजी और डीएम ने की समीक्षा
घटना की गंभीरता को देखते हुए चंपारण रेंज के डीआईजी हरिकिशोर राय, डीएम सौरभ जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। डीआईजी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि इस कांड से जुड़े एक-एक अपराधी को त्वरित गिरफ्तार किया जाए और स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाई जाए।
पुलिस की तत्परता ने बचाया जिला
मोतीहारी एसपी ने स्पष्ट किया कि पहली मौत की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। पिपराकोठी में की गई छापेमारी और 700 लीटर मेथेनॉल की बरामदगी जिले के लिए एक बड़ी सुरक्षात्मक जीत है। फिलहाल एसआईटी की टीमें अन्य फरार आरोपियों (कन्हैया, खलीफा और सुनील शाह) की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।
रिपोर्ट - हिमांशु मिश्रा