मोतिहारी में पुलिस की बर्बरता: थाने में युवक पर बरसाईं ताबड़तोड़ लाठियां, वीडियो वायरल
मोतिहारी में पुलिस का क्रूर चेहरा, चिरैया थाने में शराब के नशे में लाए गए युवक पर एएसआई और पुलिस अफसरों ने बेदर्दी से लाठियां बरसाईं। पीड़ित गुहार लगाता रहा, लेकिन पुलिस गालियां देती रही। 'पीपुल फ्रेंडली' पुलिसिंग के दावों पर उठे बड़े सवाल।
मोतिहारी के चिरैया थाने से पुलिस की क्रूरता का एक बेहद शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में थाने के अपर थाना अध्यक्ष और एएसआई एक युवक पर दनादन लाठियां बरसाते और उसे भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित युवक लगातार छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन पुलिस अधिकारियों का दिल नहीं पसीजा।
शराब के नशे में कहासुनी के बाद भड़का पुलिस का गुस्सा
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी युवक को शराब के नशे में गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद युवक पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणी करने लगा। इसी बात से आगबबूला होकर एएसआई मधुकर कुमार और अपर थाना अध्यक्ष ने आपा खो दिया और उस पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसानी शुरू कर दीं।
'पीपुल फ्रेंडली' पुलिसिंग के दावों पर उठे गंभीर सवाल
यह घटना बिहार सरकार के उन दावों पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है, जिनके तहत पुलिस को 'पीपुल फ्रेंडली' बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कानून हाथ में लेकर सरेआम युवक की बेदर्दी से पिटाई करने वाले पुलिसकर्मियों के इस उग्र और खौफनाक रवैये ने आम जनता के मन में सुरक्षा के बजाय डर और भय का माहौल पैदा कर दिया है।
मामले की निष्पक्ष जांच के बाद होगी कार्रवाई
थाना परिसर के भीतर हुई इस गुंडागर्दी और गाली-गलौज का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस महकमे की भारी फजीहत हो रही है। हालांकि, घटना की पूरी सच्चाई और वायरल वीडियो की प्रामाणिकता का सटीक पता उच्चस्तरीय जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट