Bihar News : मोतिहारी पुलिस ने बच्चों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन महिलाओं सहित 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar News : मोतिहारी पुलिस ने पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : मोतिहारी पुलिस ने बच्चों की खरीद-बिक्री करने वा
गिरोह का पर्दाफाश - फोटो : HIMANSHU

Motihari : मोतिहारी पुलिस को मानव तस्करी और बच्चा खरीद-बिक्री गिरोह के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरप्रांतीय नेटवर्क से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से आठ आरोपितों, जिसमें तीन महिलाएँ शामिल हैं को गिरफ्तार किया है और एक नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया है। इसके साथ ही तस्करों के पास से 1.12 लाख रुपये नकद, एक एम्बुलेंस और एक ऑल्टो कार भी जब्त की गई है।

गुप्त सूचना पर STF, AHTU और थाना पुलिस का संयुक्त एक्शन

पकड़ीदयाल के प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि 3 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि पकड़ीदयाल स्थित विशाल चाइल्ड केयर अस्पताल के पास से एक नवजात शिशु की डील कर उसे एम्बुलेंस और ऑल्टो कार के जरिए चोरमा कोठी बाजार की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के मिलते ही पकड़ीदयाल थाना पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संयुक्त रूप से जाल बिछाया और चोरमा कोठी बाजार के समीप दोनों वाहनों को घेरकर जांच की।

एम्बुलेंस में महिला की गोद से मिला नवजात, 1.12 लाख नकद बरामद

वाहनों की तलाशी के दौरान एम्बुलेंस में सवार एक महिला की गोद से सुरक्षित नवजात शिशु मिला। कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने शिशु को पैसों के बदले खरीदने की बात स्वीकार की, वहीं एम्बुलेंस व कार सवार अन्य तस्करों ने भी सौदेबाजी में शामिल होने का जुर्म कबूल लिया। मौके से 1,12,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पटना, औरंगाबाद और मोतिहारी के शातिर शामिल

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान औरंगाबाद के गौतम कुमार, पटना (परसा बाजार) के चंदन राम, पटना (गोपालपुर) के छोटू कुमार, पटना (धनरुआ) के कुणाल कुमार और पूर्वी चंपारण के गुड्डू कुमार (आशीर्वाद अस्पताल का कर्मचारी) के रूप में हुई है। इनके अलावा तीन महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया है। इस सफल छापेमारी टीम में प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार, थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक अभिषेक कुमार, AHTU प्रभारी सर्वेन्द्र कुमार सिंहा, एसआई धीरज कुमार, एसआई विकास कुमार साह और एसआई मुकेश कुमार शामिल थे।

पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

प्रभारी एसडीपीओ ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन निजी अस्पतालों और जिलों से जुड़े हैं तथा इससे पहले यह गिरोह कितने नवजात शिशुओं की तस्करी कर चुका है।

हिमांशु की रिपोर्ट