Motihari Truck Theft Case: अंतरजिला ट्रक चोर गिरोह के 5 शातिर दबोचे गए, 10 से ज्यादा चोरी कांडों का खुलासा

मोतीहारी के सिकरहना डीएसपी के नेतृत्व में मोतीहारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ढाका थाना क्षेत्र के बकरीहारी चौक से चोरी हुए 12 चक्का ट्रक को बेगूसराय के बछवाड़ा टोल प्लाजा से सकुशल बरामद कर लिया है। इस बड़ी कार्रवाई से छपरा, गोपालगंज, बेतिया और मोती

Motihari Truck Theft News
मोतीहारी पुलिस को मिली बड़ी सफलता,अंतरजिला ट्रक चोर गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार- फोटो : Reporter

मोतीहारी पुलिस को अंतरजिला ट्रक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। ढाका थाना क्षेत्र से चोरी हुए 12 चक्का ट्रक को पुलिस ने बेगूसराय के बछवाड़ा टोल प्लाजा के पास से बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही छपरा, गोपालगंज, बेतिया और मोतीहारी समेत कई जिलों में दर्ज ट्रक चोरी के 10 से अधिक मामलों का एक साथ सफल उद्भेदन हो गया है।


डीएसपी के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि ढाका थाना क्षेत्र के बकरीहारी चौक से 12 चक्का ट्रक चोरी की वारदात हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर उनके (सिकरहना डीएसपी) नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।


टाटा मोटर्स के पास से पहला आरोपी गिरफ्तार, निशानदेही पर पकड़ाया पूरा गिरोह

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले इस कांड के नामजद अभियुक्त रजनीश कुमार को मोतीहारी के चंद्रहिया स्थित टाटा मोटर्स के पास से गिरफ्तार किया। रजनीश से कड़ाई से की गई पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने गिरोह के 4 अन्य शातिर सदस्यों को धर दबोचा। इसी दौरान चोरी किए गए 12 चक्का ट्रक का लोकेशन ट्रैक कर उसे बेगूसराय के बछवाड़ा टोल प्लाजा से सकुशल बरामद कर लिया गया।


पूछताछ में कई अहम खुलासे, 10 से ज्यादा चोरी कांडों का हुआ पर्दाफाश

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के दौरान अंतरजिला ट्रक चोरी नेटवर्क को लेकर कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे बिहार के अलग-अलग जिलों को निशाना बनाते थे। उनकी निशानदेही से बेतिया, गोपालगंज, छपरा और मोतीहारी जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 10 से अधिक ट्रक चोरी के मामलों की कड़ियां जुड़ गई हैं।


मुख्य सरगना सन्नी श्रीवास्तव की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

पुलिस के अनुसार, इस पूरे अंतरजिला गिरोह का किंगपिन (मुख्य आरोपी) पीपरा थाना क्षेत्र के चिंतामनपुर निवासी सन्नी कुमार श्रीवास्तव (पिता- विनोद प्रसाद श्रीवास्तव) है। फिलहाल मुख्य सरगना पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है। डीएसपी ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी और गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट