Bihar Crime : मोतिहारी पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, रक्सौल में 4 करोड़ का स्मैक किया बरामद, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar Crime : मोतीहारी पुलिस ने स्कार्पियो से लखनऊ से नेपाल जा रही मादक पदार्थ की बड़ी खेप बरामद किया है। वहीँ पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

Bihar Crime : मोतिहारी पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, रक्सौल में
4 करोड़ की स्मैक बरामद - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बेहद बड़ी और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने लखनऊ से नेपाल ले जाई जा रही मादक पदार्थ की एक बहुत बड़ी खेप को एक नई स्कॉर्पियो एन गाड़ी से जब्त किया है। इसके साथ ही मौके से दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को यह सफलता संध्या गश्ती के दौरान मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर हासिल हुई। सूचना मिली थी कि सुगौली की ओर से लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट होते हुए सफेद रंग की स्कॉर्पियो एन गाड़ी से भारी मात्रा में मादक पदार्थ  रक्सौल के रास्ते नेपाल भेजा जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मनीष आनंद, प्रखंड कृषि अधिकारी और मोतिहारी एसटीएफ की एक संयुक्त छापामारी टीम का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट के पास नाकेबंदी कर छापामारी की। जांच के दौरान स्कॉर्पियो एन से कुल 1.806 किलोग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने तस्करों के पास से एक नई स्कॉर्पियो एन कार, दो मोबाइल फोन और सोने जैसा दिखने वाला एक लॉकेट भी जब्त किया है।

मामले में गिरफ्तार तस्करों की पहचान रक्सौल थाना क्षेत्र के मौजे निवासी रमेश कुमार (पिता- ईश्वरी साह) और पलनवा थाना क्षेत्र के बहुअरवा निवासी संदीप कुमार (पिता- बच्चा सिंह) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर संदीप कुमार का पूर्व से भी आपराधिक और तस्करी का इतिहास रहा है, जिस पर रक्सौल थाने में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत कांड संख्या 349/25 दर्ज है। इस बड़े मामले को लेकर रक्सौल थाने में कांड संख्या 477/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारी अब पकड़े गए दोनों तस्करों से कड़ाई से पूछताछ कर रहे हैं ताकि इस पूरे अंतरराष्ट्रीय स्मगलिंग सिंडिकेट के नेटवर्क, इसके मुख्य सरगना और इसमें शामिल अन्य सदस्यों का खुलासा किया जा सके।

हिमांशु की रिपोर्ट