काल बनी रफ्तार! मोतीहारी में दो बाइकों के उड़े परखच्चे, तीन घरों के चिराग बुझे

हाजीपुर-बेतिया मुख्य मार्ग (SH 74) पर गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी पुल के पास दो बाइकों में इतनी जबरदस्त भिड़ंत हुई कि दोनों के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवकों कि दर्दनाक मौत,हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया

Motihari road-accident three youths died bike collision
मोतीहारी में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 3 युवकों की दर्दनाक मौत- फोटो : Reporter

बिहार के मोतीहारी से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ हाजीपुर-बेतिया मुख्य मार्ग (SH 74) पर दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन युवकों की अकाल मौत हो गई है। मृतकों की पहचान पीपराकोठी थाना क्षेत्र के चन्दरहिया निवासी 18 वर्षीय अनीश कुमार,  सलेमपुर जीवधार निवासी 19 वर्षीय  रविकिशन और गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी निवासी ३१ वर्षीय अतुल कुमार के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए।


मौके पर ही थम गईं दो की सांसें, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

चश्मदीदों के अनुसार, दुर्घटना के वक्त टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि उसे सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरे युवक की हालत बेहद नाजुक देखते हुए ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। यह पूरी घटना गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी पुल के समीप की बताई जा रही है।


परिजनों में मचा कोहराम, खुशियां मातम में बदलीं

जैसे ही इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे की खबर मृतकों के घरों तक पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। अपनों को खोने के गम में चीख-पुकार मचने से पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया है। त्योहारों और रोजमर्रा की जिंदगी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल और अस्पताल की ओर दौड़ पड़े, जहां अपने लाडलों के शवों को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल है।


पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें कीं जब्त, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही गोविन्दगंज थाना पुलिस फौरन दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी में जुट गई है। गोविन्दगंज थाना अध्यक्ष राजू मिश्र ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट - हिमांशु