मोतिहारी सनसनीखेज मर्डर: मीट खिलाकर शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट, शरीर पर चाकू के 24 घाव, पुलिस रेड जारी
मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर रेतवा स्थित नदी किनारे दीपक कुमार का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। परिजनों का आरोप है कि बीती रात गांव के ही साथी उसे घर से बुलाकर ले गए थे। अपराधियों ने दीपक के शरीर पर 24 से अधिक बार चाकू से वार क
मोतिहारी जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जयसिंहपुर रेतवा स्थित नदी किनारे एक युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जयसिंहपुर खिरुआ बाजार निवासी भूलन साह के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि बीती रात करीब 8 बजे गांव का ही एक युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ दीपक को घर से बुलाकर ले गया था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।
शरीर पर चाकू के दो दर्जन से अधिक निशान
अपराधियों ने दीपक के साथ अत्यंत दुर्दांत और खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। उसके शरीर पर चाकू से हमले के दो दर्जन (24) से अधिक गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई। हत्या के बाद अपराधियों ने शव को नदी किनारे फेंक दिया। इस भयावह घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटनास्थल से मिले मीट-भूंजा और शराब के खाली पाउच
घटना की सूचना मिलने पर तुरकौलिया थाना प्रभारी रंजीत कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआती तफ्तीश के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास से मृतक की बाइक की चाबी के साथ-साथ मीट-भूंजा और शराब के खाली पाउच बरामद हुए हैं। इन साक्ष्यों से साफ अंदेशा लगाया जा रहा है कि हत्या की इस वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले अपराधियों ने युवक के साथ मिलकर वहां शराब पार्टी की थी।
FSL की टीम जांच में जुटी, पुलिस कर रही छापेमारी
वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (Forensic Science Laboratory) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस और एफएसएल टीम हर बिंदु से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि नामजद संदिग्धों और संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं, और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट