Bihar News : मोतिहारी में जहरीली शराब का तांडव, 9 तक पहुंचा मरने वालों का आंकड़ा, थानेदार सस्पेंड और तस्कर चौकीदार की हुई गिरफ्तारी

Bihar News : मोतिहारी जहरीली शराब कांड में मरनेवालों की संख्या बढ़कर 9 हो गयी है. वहीँ अबतक की गयी कार्रवाई में थानेदार को सस्पेंड कर दिया गया है......पढ़िए आगे

Bihar News : मोतिहारी में जहरीली शराब का तांडव, 9 तक पहुंचा
शराब से 9 की मौत - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : जिले के तुरकौलिया और रघुनाथपुर गांव में कथित जहरीली शराब ने भारी तबाही मचाई है। रविवार को इलाज के दौरान दो और व्यक्तियों की मौत के साथ ही मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 9 हो गई है। हालांकि, जिला प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर अब तक केवल 7 मौतों की ही पुष्टि की है। वर्तमान में लगभग एक दर्जन लोग विभिन्न अस्पतालों में जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं। प्रभावित गांवों में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि पुलिस और मेडिकल टीमें लगातार कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

इस मामले में पुलिस कप्तान (SP) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में तुरकौलिया थानेदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने एक स्थानीय चौकीदार को गिरफ्तार किया, जो शराब तस्करों का करीबी संबंधी निकला। जांच में यह बात सामने आई है कि पुलिस द्वारा जब्त किया गया लगभग 700 लीटर स्प्रिट पूरी तरह से जहरीला था। पुलिस की सक्रियता से एक और बड़ी खेप बाजार में जाने से रुक गई, जिससे जिले में और भी बड़ा हादसा होने से टल गया।

प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस ने अब तक मुख्य साजिशकर्ता सहित एक दर्जन से अधिक शराब कारोबारियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मेडिकल टीमें, आशा कार्यकर्ता और जीविका दीदियां प्रभावित गांवों का दौरा कर रही हैं। वे घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही हैं और थोड़ा भी शक होने पर उन्हें तुरंत अस्पताल भेजने की व्यवस्था में जुटी हैं। उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, जिसमें अब तक हजारों लीटर देसी-विदेशी शराब जब्त और विनष्ट की गई है।

जहरीली शराब कांड ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी सरगर्मी बढ़ा दी है। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। जहां सत्ता पक्ष के नेता कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारियों का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं, वहीं विपक्ष ने सरकार और प्रशासन की विफलता पर तीखा हमला बोला है। विपक्ष का आरोप है कि शराबबंदी के बावजूद जहरीली शराब की आपूर्ति पुलिस और तस्करों की मिलीभगत का परिणाम है।

विपदा की इस घड़ी में पुलिस प्रशासन आम लोगों को शराब के खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे किसी भी संदिग्ध तरल पदार्थ का सेवन न करें और तस्करों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अभी भी फरार चल रहे अन्य तस्करों और बड़ी खेप के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। इलाके में भारी तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। 

हिमांशु की रिपोर्ट