Bihar News : मोतीहारी में अंतरजिला डकैत गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, 4 शातिर डकैतों को किया गिरफ्तार, 15 लाख कैश, हथियार और चरस किया बरामद
Bihar News : मोतिहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला डकैत गिरोह के 4 डकैतों को 15 लाख रुपया,हथियार व मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे
MOTIHARI : मोतीहारी पुलिस को आपराधिक गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात 'मंसूरी डकैत गिरोह' के चार अंतरजिला शातिर डकैतों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से डकैती के ₹15 लाख नकद, अवैध हथियार, चरस और डकैती के पैसे से खरीदी गई एक 'R15' बाइक बरामद की है। इस कार्रवाई से जिले में हुई डकैती की 5 बड़ी घटनाओं का सफल खुलासा हो गया है।
नेपाल के अपराधियों संग मिलकर रचते थे साजिश, नहीं करते थे मोबाइल का इस्तेमाल
पकड़े गए डकैतों की पहचान सीतामढ़ी जिले के सफीक मंसूरी उर्फ बंठा, मोहम्मद तनवीर शेख, शंभू पासवान उर्फ मोगल और रामनाथ ठाकुर के रूप में हुई है। पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल के अपराधियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस की सर्विलांस और टावर लोकेशन से बचने के लिए आरोपी मोबाइल फोन और निजी वाहनों का प्रयोग बिल्कुल नहीं करते थे। वे ट्रेन से सफर कर क्षेत्र में पहुंचते थे और फिर ई-रिक्शा या ऑटो से गांव के समीप पहुंचकर पैदल ही सरेह के रास्ते घटनास्थल तक दाखिल होते थे।
13 अप्रैल से सक्रिय था गिरोह
मामले की जानकारी देते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि इस गिरोह ने 13 अप्रैल को पहली घटना को अंजाम दिया था, जिसके बाद से लगातार 5 डकैतियां की गईं। मुख्य आरोपी सफीक मंसूरी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके परिवार के कई सदस्य डकैती के मामलों में शामिल रहे हैं। गिरोह ने डकैती के पैसों का इस्तेमाल जमीन खरीदने के लिए किया था, जिसके लिए ₹15 लाख का इकरारनामा भी किया गया था।
सिकरहना डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी को मिली सफलता
इस जटिल मामले के उद्भेदन के लिए सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था, जिसमें डीआईयू के साथ ढाका, कुंडवा चैनपुर, चिरैया और घोड़ासहन के थानाध्यक्ष शामिल थे। टीम कई महीनों से इस बिना मोबाइल वाले गिरोह का सुराग लगाने में जुटी हुई थी।
सफल उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम होगी सम्मानित
एसपी स्वर्ण प्रभात ने डकैती की 5 वारदातों का सफल खुलासा करने और शातिर अपराधियों को दबोचने वाली पूरी पुलिस टीम की सराहना की है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के लिए ₹30,000 के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।
हिमांशु की रिपोर्ट