Bihar News : भारत-नेपाल सीमा पर अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, दो नेपाली नागरिकों सहित चार शातिर को किया गिरफ्तार

Bihar News : मोतीहारी पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर नेपाल बॉर्डर के पास से चोरी के 2 बाइक के साथ दो नेपाली सहित चार चोर को गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : भारत-नेपाल सीमा पर अंतरराष्ट्रीय बाइक चोर गिरोह
बाइक चोर का पर्दाफाश - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : बिहार की मोतिहारी पुलिस को सीमावर्ती इलाके में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आदापुर थाना पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय एक बड़े अंतरराष्ट्रीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गुप्त ऑपरेशन के दौरान गिरोह के चार मुख्य सदस्यों को दबोचने में कामयाबी हासिल की है, जिनमें दो आरोपी नेपाल के नागरिक बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

मटिअरवा बॉर्डर के पास सघन चेकिंग अभियान

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा के पास चोरी के वाहनों की एक बड़ी डील होने वाली है। इस इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आदापुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मटिअरवा बॉर्डर के समीप घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान सीमा पार करने की कोशिश कर रही दो संदिग्ध बाइकों को पुलिस ने रोका, जिससे इस पूरे फर्जीवाड़े की परतें खुलती चली गईं।

'HHD' मशीन की जांच में खुला फर्जीवाड़े का राज

जब पुलिस ने दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोककर आधुनिक 'एचएचडी' (हैंड हेल्ड डिवाइस) मशीन से उनके कागजातों और नंबरों की डिजिटल जांच की, तो अधिकारी भी दंग रह गए। गाड़ियों के ऑनलाइन रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद रजिस्ट्रेशन नंबर व चेचिस नंबर में भारी अंतर पाया गया। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए दोनों बाइकों को जब्त कर लिया और उन्हें चला रहे नेपाल के बारा जिला निवासी रंजन कुमार साह तेली और आनंद कुमार साह तेली को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के बाद स्थानीय लिंक का खुलासा, दो और गिरफ्तार

थाने लाकर जब दोनों नेपाली नागरिकों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपने पूरे नेटवर्क का उगल दिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ये मोटरसाइकिलें आदापुर के स्थानीय निवासी हृदेश कुमार जायसवाल से खरीदी थीं। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर मुख्य सप्लायर हृदेश कुमार जायसवाल और उसके एक अन्य साथी अजय कुमार उर्फ हरिओम कुमार को भी दबोच लिया। इस तरह इस गिरोह के चार शातिर सदस्य पुलिस की गिरफ्त में आ गए।

नंबर प्लेट और चेचिस बदलकर नेपाल में बेचने का खेल

गिरफ्तार चोरों ने पुलिस के सामने कुबूल किया है कि वे भारत के विभिन्न शहरों और इलाकों से योजनाबद्ध तरीके से बाइकों की चोरी करते थे। इसके बाद गिरोह के मैकेनिक और सदस्य इन गाड़ियों के नंबर प्लेट बदल देते थे और चेचिस नंबर के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी कागजात तैयार करते थे। इन फर्जी दस्तावेजों के सहारे वे आसानी से खुली सीमा का फायदा उठाकर गाड़ियों को नेपाल ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों पर बेच देते थे। फिलहाल, आदापुर थाना पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की कुंडली खंगालने व उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। 

हिमांशु की रिपोर्ट