Bihar Crime: टाटा सफारी में लोड गांजा की बड़ी खेप पुलिस ने किया बरामद, रेडिएटर और AC बॉक्स में छुपा 30 किलो माल, तस्करों में मचा हड़कंप
Bihar Crime: मादक पदार्थों की तस्करी का एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
Motihari : बिहार के मोतीहारी से मादक पदार्थों की तस्करी का एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। झरोखर थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर पुलिस ने एक बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई को अंजाम देते हुए टाटा सफारी गाड़ी से 30 किलो गांजा बरामद किया है, जिसे बेहद शातिराना तरीके से गाड़ी के रेडिएटर और एसी बॉक्स में छुपाया गया था।
यह पूरी कार्रवाई ढाका डीएसपी उदय शंकर के नेतृत्व में झरोखर थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक लग्जरी वाहन के जरिए मादक पदार्थ की बड़ी खेप एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में जाल बिछा दिया और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। जैसे ही टाटा सफारी को रोका गया, तस्करों की साजिश का पर्दाफाश हो गया। गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई, जब रेडिएटर और एसी बॉक्स के अंदर से चार बंडलों में छुपाया गया करीब 30 किलो गांजा बरामद हुआ। यह पूरा नेटवर्क बेहद शातिर तरीके से काम कर रहा था, ताकि किसी को शक भी न हो।
हालांकि पुलिस की दबिश देखते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे और अपनी गाड़ी वहीं छोड़ दी। इससे साफ है कि यह कोई छोटा-मोटा धंधा नहीं, बल्कि एक संगठित तस्करी गिरोह का हिस्सा है, जो लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल कर नशे का जहर फैला रहा था। पुलिस अब वाहन मालिक और फरार तस्करों की पहचान में जुट गई है। आसपास के इलाकों में छापेमारी तेज कर दी गई है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि तस्कर अब नए-नए तरीकों से कानून को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से ज्यादा देर तक बच पाना मुमकिन नहीं। मोतीहारी की इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश दे दिया है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार