Bihar News : अरेराज के सोमेश्वरनाथ मंदिर में अनंत चतुर्दशी मेले की तैयारियां तेज, डीएम और एसपी ने प्रशासनिक व्यवस्था का लिया जायजा

Bihar News : सोमेश्वरनाथ महादेव- अरेराज मंदिर में अनंत चतुर्दशी मेले की व्यापक तैयारी शुरू कर दी गयी है. इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात ने मंदिर का निरीक्षण किया....

Bihar News : अरेराज के सोमेश्वरनाथ मंदिर में अनंत चतुर्दशी म
अनंत चतुर्दशी मेले की तैयारी - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : उत्तर बिहार के प्रसिद्ध मनोकामनापूरक सोमेश्वरनाथ महादेव- अरेराज मंदिर में अनंत चतुर्दशी मेले की व्यापक तैयारियों का निरीक्षण करने पूर्वी चंपारण के डीएम सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात पहुंचे। अधिकारियों ने टेंट सिटी, पड़ाव स्थल, मंदिर परिसर, बैरिकेडिंग, नियंत्रण कक्ष, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर पड़ोसी देश नेपाल सहित बिहार के विभिन्न जिलों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु और डाक बम जलभरी कर लगभग 80 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा तय कर बाबा सोमेश्वरनाथ का जलाभिषेक करते हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बेलवाघाट से लेकर सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक के पूरे मार्ग में लगभग 300 दंडाधिकारी (मैजिस्ट्रेट) और 500 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की तैनाती चप्पे-चप्पे पर की गई है। इसके अलावा, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार पहली बार स्थानीय सोमेश्वर हाई स्कूल के मैदान में एक विशाल जर्मन हैंगर टेंट लगाया गया है। डीएम ने अधिकारियों को जर्मन हैंगर और पड़ाव स्थलों में 1000 से अधिक मैट्रेस (गद्दे), पर्याप्त पंखे, कूलर और शुद्ध पेयजल का समुचित प्रबंध करने का निर्देश दिया है। साथ ही श्रद्धालुओं की स्वच्छता के लिए अस्थायी शौचालयों का निर्माण और नगर पंचायत अरेराज के ईओ को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

भीड़ नियंत्रण और सुगम दर्शन के लिए मंदिर परिसर में व्यापक बैरिकेडिंग की गई है तथा निकासी के लिए दो अलग-अलग द्वार बनाने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली बाधित न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में जनरेटर का बैकअप रखा गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेले में कोई वीआईपी कल्चर नहीं रहेगा और सभी श्रद्धालुओं के लिए एक समान व्यवस्था लागू रहेगी ताकि हर किसी को सुलभ जलाभिषेक का अवसर मिले।

निरीक्षण के दौरान एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि असामाजिक तत्वों के प्रवेश को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। वहीं, एसडीएम सुजीत कुमार ने विश्वास जताया कि सभी प्रशासनिक और नागरिक सुविधाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुजीत कुमार, डीएसपी कुमारी प्रियंका, ईओ निखिल कुमार, बीडीओ आदित्य दीक्षित, सीओ विनोद पांडेय सहित अनुमंडल प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिमांशु की रिपोर्ट