Motihari Truck Fire: मोतिहारी में रिफाइन लदा ट्रक धू-धू कर जला, चालक घायल
Motihari Truck Fire: मोतिहारी में रिफाइन तेल से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक आग का गोला बन गया।
Motihari Truck Fire: मोतिहारी में गुरुवार की देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बंजरिया थाना क्षेत्र के एनएच-28ए पर सिंघिया गुमटी रेलवे ओवरब्रिज से करीब 200 मीटर आगे सिंघिया सागर गांव के समीप रिफाइन तेल से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक आग का गोला बन गया। ट्रक में आग लगते ही सड़क पर अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने वाहन के केबिन और अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। इस दौरान उसका एक हाथ आंशिक रूप से झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक नेपाल के बीरगंज से रिफाइन लोड कर झारखंड के धनबाद-बोकारो की ओर जा रहा था। इसी दौरान सिंघिया सागर गांव के पास चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या कोई तकनीकी खराबी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चलती गाड़ी से कूदा चालक, झुलसा हाथ
ट्रक के केबिन से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक सुजीत कुमार ने चलती गाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। सुजीत कुमार पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित बानू छापर का निवासी बताया गया है। ट्रक से कूदने के दौरान उसका एक हाथ झुलस गया। स्थानीय स्तर पर उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।चालक ने बताया कि वह नेपाल के बीरगंज से रिफाइन लेकर झारखंड के बोकारो और धनबाद जा रहा था। रास्ते में अचानक ट्रक में आग लग गई। घटना इतनी तेजी से हुई कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। समय रहते गाड़ी से कूदने के कारण उसकी जान बच गई।
दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाई आग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रक का केबिन और अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
डेढ़ घंटे तक एनएच पर लगा रहा भीषण जाम
ट्रक में आग लगने के कारण एनएच-28ए पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन लगभग ठप हो गया। आग बुझने के बाद पुलिस प्रशासन ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हुई।
सूचना मिलने पर बंजरिया थाना पुलिस और 112 की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक की जान बच गई और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार