Bihar News : मोतीहारी में भूमाफिया का आतंक! स्कूल डायरेक्टर से 48 लाख लेकर की सिर्फ आधी जमीन की रजिस्ट्री, अब मांग रहा 20 लाख की रंगदारी

Bihar News : मोतीहारी में लक्ष्य राज पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर का परिवार भूमाफिया के आतंक के साये में है. जिसने जमीन बेचने के बाद 22 लाख रुपया भी रख लिया.....पढ़िए आगे

Bihar News : मोतीहारी में भूमाफिया का आतंक! स्कूल डायरेक्टर
भूमाफिया का आतंक - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पतौरा से भूमाफिया के आतंक का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां स्थित लक्ष्यराज पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर का परिवार एक स्थानीय भूमाफिया की दबंगई और धमकियों के कारण गहरे खौफ में है। आरोपी भूमाफिया ने स्कूल के डायरेक्टर से जमीन सौदे के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की और अब उल्टे पीड़ित परिवार से ही मोटी रंगदारी की मांग कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्यराज पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर रामबाबू प्रसाद की पत्नी सोनवर्षा कुमारी ने इस संबंध में मुफस्सिल थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, स्कूल के बगल की 16 धुर जमीन बेचने के लिए पतौरा निवासी नीरज सिंह नामक व्यक्ति से 48 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। पीड़ित परिवार ने तय की गई पूरी रकम किस्तों में आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी थी।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पूरी राशि वसूलने के बाद जब रजिस्ट्री का समय आया, तो जमीन मालिक नीरज सिंह ने बेईमानी कर ली। उसने 16 धुर के बदले मात्र करीब साढ़े 8 धुर जमीन की ही रजिस्ट्री पीड़ित के नाम की। इस तरह जमीन की तय कीमत से अधिक लिए गए लगभग 22 लाख रुपये आरोपी के पास ही बकाया रह गए। पीड़ित परिवार ने जब अपनी अतिरिक्त राशि वापस मांगी, तो आरोपी ने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया।

बात यहीं खत्म नहीं हुई। आरोपी भूमाफिया ने कुछ अज्ञात अपराधियों को बुलाकर रजिस्ट्री की गई जमीन पर धावा बोल दिया और वहां धक्का-मुक्की करते हुए जबरन कब्जा जमा लिया। इसके बाद आरोपी द्वारा पीड़ित परिवार को फोन कर धमकाया गया कि यदि जमीन पर शांति से रहना है, तो 20 लाख रुपये की रंगदारी देनी होगी। रंगदारी न देने पर जमीन से बेदखल करने और पूरे परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई।

इस खौफनाक प्रकरण के बाद पीड़ित महिला सोनवर्षा कुमारी ने मुफस्सिल थाने में आरोपी नीरज सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन कब्जा और रंगदारी मांगने जैसी गंभीर धाराओं में कांड संख्या 475/26 दर्ज कराया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को धमकी भरा एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साक्ष्य के रूप में सौंपा है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिमांशु की रिपोर्ट