Bihar News : मोतिहारी में खाद कालाबाजारियों पर प्रशासन ने कसा शिकंजा, 5 अवैध गोदामों में की छापेमारी, हजारों बोरी यूरिया व डीएपी बरामद
Bihar News : मोतिहारी में कृषि विभाग की टीम ने दो खाद कारोबारियों के गोदामों पर छापेमारी की. जहाँ खाद की हज़ारों बोरियां जब्त की गयी है......पढ़िए आगे
MOTIHARI : पूर्वी चंपारण मोतिहारी में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिला प्रशासन ने खाद माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक शुरू की है। कृषि विभाग के कुछ अफसरों की कथित मिलीभगत से खाद कालाबाजारी का अड्डा बने इस जिले में गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस बड़ी कार्रवाई ने पूरे महकमे में हड़कंप मचा दिया है। सदर एसडीओ अरुण कुमार और डीएसपी दिलीप कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में खाद कारोबारियों के पांच अवैध गोदामों का पर्दाफाश हुआ है।
प्रशासनिक टीम ने जब बंजरिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मण चौक, मॉर्डन पब्लिक स्कूल के समीप, खेतान गोदाम और बंजरिया पोखर के पास स्थित गोदामों में छापेमारी की, तो वहां अवैध रूप से जमा करके रखी गई यूरिया और डीएपी की हजारों बोरियां देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। बरामद खाद का स्टॉक इतना विशाल है कि उसकी गिनती के लिए कई प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयकों और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। दर्जनों मजदूरों को लगाने के बावजूद गिनती का काम घंटों बाद भी पूरा नहीं हो सका है और प्रशासन के मुताबिक इसमें कुछ दिनों का समय लग सकता है।
जांच के दौरान कृषि विभाग और खाद माफिया के बीच सांठगांठ की एक हैरान करने वाली पोल खुली है। बंजरिया के लक्ष्मण चौक पर पकड़ा गया गोदाम छौड़ादानो के एक पूर्व मुखिया का बताया जा रहा है, जिसका खाद लाइसेंस एक वर्ष पहले ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद कृषि विभाग के अधिकारियों की शह पर रैक से खाद का उठाव और बिक्री लगातार जारी थी। व्यापारी के अनुसार 9 सितंबर को भी 100 बोरी यूरिया बेची गई थी, जबकि उसके कागजातों में लाइसेंस का रिन्यूअल 11 सितंबर की तारीख में दिखाया गया है। सदर एसडीओ की सूचना पर रक्सौल एसडीओ द्वारा छौड़ादानो स्थित गोदाम में छापेमारी कराए जाने पर वहां से भी हजारों बैग अवैध खाद बरामद की गई।
इतना ही नहीं, कालाबाजारी के इस पूरे नेटवर्क पर चौतरफा शिकंजा कसते हुए देर रात्रि आरा से मोतिहारी लाई जा रही अवैध यूरिया से लदी एक पूरी ट्रक को भी जब्त किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह खाद ऊंचे दामों पर बेचने और नेपाल में तस्करी के उद्देश्य से अवैध रूप से डंप की जा रही थी, जिससे स्थानीय किसानों को खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा था। मामले की गंभीरता पर मोतिहारी सदर एसडीओ अरुण कुमार ने स्पष्ट किया कि किसानों की लाचारी का फायदा उठाने वाले खाद माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जब्त खाद की गिनती के साथ-साथ सभी गोदामों के कागजातों की बारीक जांच की जा रही है। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि इस अवैध धंधे में शामिल खाद माफियाओं के साथ-साथ उनके साथ सांठगांठ रखने वाले दोषी प्रशासनिक व कृषि विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिमांशु की रिपोर्ट