Bihar Road Accident : मोतिहारी में ट्रक की चपेट में आने से दो बाइक सवारों की हुई मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
Bihar Road Accident : मोतिहारी में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बनकट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
MOTIHARI : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बनकट के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बनकट के समीप नेशनल हाईवे पर एक गैस लदा ट्रक गुजर रहा था। इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार दो लोग ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ओवरटेक करने के दौरान बाइक का संतुलन अचानक बिगड़ गया और बाइक ट्रक से जा टकराई।
कार के उड़े परखच्चे
ट्रक से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बगल से गुजर रही एक कार से जा भिड़ी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक और कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक फरार
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद गैस लदा ट्रक लेकर चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक चालक के फरार होने से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। घटना के विरोध में लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस की ओर से लोगों को आश्वासन दिया जा रहा है कि मामले की जांच कर फरार ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। दुर्घटना में मारे गए दोनों लोगों की पहचान और हादसे में घायल लोगों की स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है, वहीं सड़क जाम के कारण हाईवे पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
हिमांशु की रिपोर्ट