Bihar Road Accident: भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो-ट्रैक्टर की टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर

Bihar Road Accident: भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।...

 Scorpio Tractor Crash
बिहार में भीषण सड़क हादसा- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: मोतिहारी में अरेराज-मोतिहारी रोड पर गायघाट के पास भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसा ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर के कारण हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव सेवराहा में मातम पसर गया।

टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा अरेराज-मोतिहारी रोड पर गायघाट के समीप हुआ। यहां ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सेवराहा निवासी मनु कुमार और शुभम के रूप में हुई है।मनु कुमार चड़रहिया के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र थे। वह सेवराहा में सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) चलाते थे। वहीं, शुभम अजय सिंह के पुत्र बताए गए हैं। दोनों युवकों की असामयिक मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर

इस हादसे में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं। घायलों में मानिकपुर-हसुआहा निवासी विजय सिंह के पुत्र आदित्य सिंह शामिल हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। दूसरे घायल युवक की पहचान और उसकी स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की, ताकि उन्हें समय पर इलाज मिल सके।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव

हादसे के बाद हरसिद्धि पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने रात में ही दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवार और गांव के लोग शोक में डूब गए। सेवराहा में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। हादसे से जुड़े तथ्यों और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत को रेखांकित किया है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार