Bihar News : मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज हॉस्टल में बवाल, गर्म तेल से तीन छात्राएं झुलसीं, छात्रों के हंगामे के बाद रसोइया गिरफ्तार

Bihar News : मोतिहारी अभियंत्रण महाविद्यालय के हॉस्टल में उस समय अफरातफरी मच गई जब नाश्ता करने मेस में पहुंची तीन छात्राओं पर खौलते हुए तेल की कड़ाही पलट गई......पढ़िए आगे

Bihar News : मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज हॉस्टल में बवाल, गर्
हॉस्टल में हंगामा - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : मोतिहारी अभियंत्रण महाविद्यालय के हॉस्टल में उस समय अफरातफरी मच गई जब नाश्ता करने मेस में पहुंची तीन छात्राओं पर खौलते हुए तेल की कड़ाही पलट गई। गर्म तेल के छींटे पड़ने से तीनों छात्राएं आंशिक रूप से झुलसकर जख्मी हो गईं। घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों ने जमकर हंगामा और विरोध-प्रदर्शन किया, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने आरोपी रसोइए को पुलिस के हवाले कर दिया।

नाश्ते के दौरान हुआ हादसा, अस्पताल में कराया गया इलाज

जानकारी के अनुसार, घायल छात्राओं की पहचान मोनाली कुमारी, मधु प्रिया और मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद कॉलेज प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए तीनों छात्राओं को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद स्थिति सामान्य होने पर छात्राओं को वापस कॉलेज हॉस्टल भेज दिया गया।

छात्राओं का आरोप: गुस्से में फेंका तेल, रसोइए ने बताया दुर्घटना

झुलसी छात्राओं का आरोप है कि मेस में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद रसोइया अत्यधिक गुस्से में आ गया और उसने जानबूझकर गर्म तेल से भरी कड़ाही छात्राओं की ओर फेंक दी, जिससे वे झुलस गईं। वहीं, दूसरी ओर रसोइए ने अपना पक्ष रखते हुए दावा किया कि काम करने के दौरान अचानक हाथ से संतुलन बिगड़ने के कारण गर्म तेल की कड़ाही छूट गई और यह एक अनपेक्षित दुर्घटना थी।

परिसर में तनाव के बाद पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल के अन्य छात्र-छात्राएं आक्रोशित हो गए और कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था व मेस प्रबंधन के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। कॉलेज प्रबंधन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी रसोइए को तत्काल पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

हिमांशु की रिपोर्ट