Bihar News : ऊपर तक जाती है वसूली की रकम...मोतिहारी उत्पाद विभाग के गेट पर बोली संतरी, मुलाकाती से वसूली का वीडियो हुआ वायरल

Bihar News : मोतिहारी में उत्पाद कार्यालय के गेट पर गिरफ्तार व्यक्ति से मुलाकात कराने के नाम पर कथित तौर पर ₹100 वसूलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा है।

Bihar News :  ऊपर तक जाती है वसूली की रकम...मोतिहारी उत्पाद
वसूली का वीडियो वायरल - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : जिला उत्पाद कार्यालय के मुख्य द्वार पर गिरफ्तार आरोपी से मुलाकात कराने के नाम पर कथित रूप से ₹100 की वसूली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में गेट पर तैनात संतरी मुलाकाती से स्पष्ट रूप से पैसे लेते हुए दिखाई दे रही है।

वीडियो में संतरी मुलाकाती का नाम रजिस्टर में दर्ज करते ही पैसे की मांग करती नजर आती है। जब मुलाकाती सवाल उठाता है, तो संतरी यह कहती सुनाई देती है कि रजिस्टर में दर्ज मुलाकाती के नाम के हिसाब से यह पैसा ऊपर तक जाता है। उसने आगे कहा कि ड्यूटी समाप्त होते ही रजिस्टर और वसूले गए पैसे कार्यालय में जमा करने पड़ते हैं; यदि ऊपर से आदेश न होता, तो वह पैसे क्यों वसूलती।

यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। आम जनमानस में इस बात की चर्चा है कि जिस परिसर में विभाग के वरीय अधिकारी बैठते हैं, उसके मुख्य गेट से ही वसूली का खेल शुरू हो जाना कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

हालाँकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं की गई है, लेकिन सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे दावों के अनुसार यह मामला जिला उत्पाद कार्यालय, मोतिहारी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

हिमांशु की रिपोर्ट