Bihar News : मोतिहारी में निगरानी विभाग की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, नगर पंचायत के अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार

MOTIHARI : बिहार में निगरानी विभाग (Vigilance Department) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मेहसी नगर पंचायत के दो पदाधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में मेहसी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी (Executive Officer) उदय कृष्ण यादव और टैक्स दरोगा गुलशन कुमार शामिल हैं। निगरानी की टीम ने दोनों भ्रष्ट पदाधिकारियों को चकिया के कुआवा नामक स्थान से गिरफ्तार किया।
बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों को रिश्वत (घूस) लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई निगरानी विभाग द्वारा मिली गोपनीय शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें दोनों अधिकारियों द्वारा किसी कार्य को पूरा करने के एवज में अवैध मांग की गई थी।
निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। टीम दोनों गिरफ्तार अधिकारियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पटना ले जा सकती है। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि राज्य में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए निगरानी विभाग सक्रिय है।
मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट