सोशल मीडिया पर पुलिस को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, थाने में घुसकर गोली मारने की दी थी चेतावनी

मोतिहारी जिला अंतर्गत बिजधरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पुलिस और थानाध्यक्ष को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने वाले युवक सौरभ कुमार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है..

सोशल मीडिया पर पुलिस को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, थाने म

Motihari : बिहार में इन दिनों आरा का भरत तिवारी एनकाउंटर मामला पहले से ही पूरे प्रदेश में सुर्खियों में बना हुआ है। इसी गहमा-गहमी के बीच मोतिहारी जिले से आए एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। जिले के बिजधरी थाना क्षेत्र के एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुलेआम वीडियो पोस्ट कर मोतिहारी पुलिस को सीधी चुनौती दे डाली, जिसके बाद प्रशासन तुरंत एक्टिव मोड में आ गया।


थानाध्यक्ष को दी जान से मारने की धमकी

वायरल वीडियो में युवक की पहचान सुन्दरापुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। आरोपी युवक ने वीडियो में बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए बिजधरी थाना में घुसकर गोली मारने तक की बात कही। उसने स्थानीय थानाध्यक्ष सीमा कुमारी का नाम लेते हुए उन्हें सीधे तौर पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी और दावा किया कि यदि उसे बेवजह परेशान किया गया, तो वह किसी को भी नहीं छोड़ेगा।


हथियारों का दावा और पुलिस पर गंभीर आरोप

खुद को कानून से ऊपर बताते हुए सौरभ कुमार ने वीडियो में दावा किया कि वह दोनों हाथों से राइफल चलाना बखूबी जानता है और उसके पास आधुनिक हथियारों का बड़ा जखीरा है। इसके साथ ही उसने पुलिस प्रशासन पर अपने परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप मढ़ा। युवक का कहना था कि उसके भाई की पूर्व में हुई हत्या के लिए स्थानीय प्रशासन और गांव के ही कुछ रसूखदार लोग जिम्मेदार हैं।


सीधी पूछताछ की चुनौती

धमकी भरे लहजे में बात कर रहे युवक ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि प्रशासन को उससे कोई पूछताछ करनी है, तो उसके परिवार को परेशान करने के बजाय सीधे उससे संपर्क किया जाए। उसने कहा कि पुलिस उसे जहां भी बुलाएगी, वह वहां अकेले पहुंचने को पूरी तरह तैयार है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो देखते ही देखते जंगल की आग की तरह फैल गया।


तुरंत हरकत में आई पुलिस, आरोपी गिरफ्तार

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपी सौरभ कुमार की पहचान सुन्दरापुर गांव के निवासी के रूप में की गई। पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए आरोपी युवक को दबोच लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले और वर्दी को चुनौती देने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


हिमांशु की रिपोर्ट