Bihar Ganga Accident: स्नान करने गई पांच बच्चियां डूबीं, एक शव बरामद, बाकियों की तलाश जारी, गंगा घाट पर मातम

एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां गंगा स्नान करने गई पांच बच्चियों की नदी में डूबने से मौत हो गई। ...

5 girls drown while bathing in the Ganges SDRF search operat
पांच बच्चियां डूबीं- फोटो : social Media

Bihar Ganga Accident: मुंगेर के श्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बागचपड़ा घाट पर बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां गंगा स्नान करने गई पांच बच्चियों की नदी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक और सन्नाटे में डुबो दिया है।

जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार की चार बच्चियों सहित कुल पांच बच्चियां गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंची थीं। स्नान के दौरान अचानक गहराई का अंदाजा न लग पाने और तेज बहाव की चपेट में आने से सभी बच्चियां नदी में बह गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ टीम द्वारा तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अब तक संगीता कुमारी नामक एक बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि बाकी चार बच्चियों की तलाश लगातार जारी है।घाट पर चीख-पुकार और परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, वहीं प्रशासन द्वारा नदी किनारे सुरक्षा घेरा बनाकर तलाशी अभियान को तेज किया गया है।

एसडीआरएफ की टीम लगातार गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन गंगा की तेज धार और बढ़ते जलस्तर के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है। प्रशासन ने स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली है।इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन अपनों को खोने के गम में बेसुध हैं।फिलहाल प्रशासन ने कहा है कि सर्च ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक सभी बच्चियों का पता नहीं चल जाता।

 प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही परिवार की चार बेटियों के गंगा में डूबने की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। एसडीआरएफ की टीम लगातार लापता किशोरियों की तलाश में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मुंगेर के बकचपरा गंगा घाट पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है, जबकि परिजन अब भी अपनों के मिलने की आस लगाए घाट किनारे टकटकी लगाए बैठे हैं।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान