Bihar News : मुंगेर में गौशाला का गेट तोड़कर हुई 8 गायों की चोरी, तस्करों से मुक्त कराए गए पशुओं के गायब होने से मचा हड़कंप

Bihar News : मुंगेर में गौशाला का गेट तोड़कर बदमाशों ने 8 गायों की चोरी कर ली. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में गौशाला का गेट तोड़कर हुई 8 गायों की च
गायों की चोरी - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : जिले के पूरब सराय स्थित विवादित गौशाला से बीती रात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए करीब 8 पशु धन की चोरी कर ली। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि चोरों ने गौशाला के चदरा नुमा गेट को काटकर या तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब गौशाला के कर्मियों की नजर टूटे हुए गेट पर पड़ी, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। इस घटना के बाद गौशाला प्रबंधन और स्थानीय पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

गौशाला के केयर टेकर मोती सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गौशाला में कुल 46 गायें मौजूद थीं। इनमें से 42 गायें ऐसी थीं, जिन्हें हाल के दिनों में ही पुलिस और प्रशासन ने गौ तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया था। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं मुक्त कराई गई गायों में से 8 गायों को चोरों ने निशाना बनाया है। केयर टेकर ने इस चोरी की लिखित शिकायत मुफस्सिल थाना और संबंधित वरीय पदाधिकारियों सहित सचिव को भेज दी है।

इस वारदात ने गौशाला की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौ माता सेवा महासंघ के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सीधे तौर पर गौशाला के कर्मियों और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। दीपक सिंह का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की चोरी हो जाना सुरक्षा में बड़ी चूक को दर्शाता है, जिससे कर्मचारियों की मिलीभगत से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

जिलाध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी कोई जिम्मेदार पदाधिकारी मामले की सुध लेने मौके पर नहीं पहुँचा। पशु रक्षकों का मानना है कि तस्करों से छुड़ाई गई गायों की दोबारा चोरी होना एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है, ताकि उन पशुओं को वापस तस्करी के बाजार में पहुँचाया जा सके। इस मामले ने स्थानीय स्तर पर कानून व्यवस्था और गौशाला की देखरेख को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल, मुफस्सिल थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्धों की तलाश कर रही है ताकि चोरी गई गायों को बरामद किया जा सके। स्थानीय लोग और गौ सेवक मांग कर रहे हैं कि गौशाला में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और इस मामले में शामिल दोषियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाए। 

इम्तियाज़ की रिपोर्ट