Bihar News : मुंगेर में गणेश पूजा के दौरान हिंसक झड़प में घायल व्यक्ति की हुई मौत, इलाके में तनाव का माहौल

Bihar News : — मुंगेर में गणेश पूजा के दौरान दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में गणेश पूजा के दौरान हिंसक झड़प में घा
पथराव में एक व्यक्ति की मौत - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : मुंगेर शहर के बेलदार टोली स्थित दुर्गा स्थान मंदिर परिसर के पास गणेश पूजा के दौरान हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल अनिल बिंद की इलाज के दौरान मौत हो गई। 19 सितंबर को पटना के आईजीआईएमएस (IGIMS) अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है।

मृतक के बेटे नीरज कुमार के अनुसार, घटना गणेश पूजा की रात करीब 10 बजे की है। वे अपने मोहल्ले के मंदिर में स्थापित गणेश प्रतिमा के पास मौजूद थे, तभी अचानक मेस्तर टोली (मुसहर टोली) की तरफ से 100 से अधिक लोगों की अनियंत्रित भीड़ लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर वहां पहुंच गई और अंधाधुंध पथराव शुरू कर दिया। इसी पथराव के दौरान एक भारी ईंट अनिल बिंद के सिर में जा लगी, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। 

आनन-फानन में परिजन उन्हें मुंगेर सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया। पटना के आईजीआईएमएस में इलाज के दौरान आखिरकार वे जिंदगी की जंग हार गए। अनिल बिंद की मौत की खबर मिलते ही बेलदार टोली क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। परिजनों ने आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। 

वहीं, घटना के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है, जहां बेलदार टोली के स्थानीय लोग अब मेस्तर टोली को वहां से हटाने की मांग पर अड़े हैं। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मामले की सघन जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट