Bihar News : मुंगेर में बाढ़ और बारिश के बीच धंसी सड़क, मक्का लदा ट्रक पानी में गिरा; चालक-खलासी ने कूदकर बचाई जान

Bihar News : मुंगेर में बरियारपुर ओवरब्रिज के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। इस दौरान वहां से गुजर रहा मक्का लदा एक भारी-भरकम ट्रक असंतुलित होकर सड़क के नीचे पानी में जा गिरा.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में बाढ़ और बारिश के बीच धंसी सड़क, मक्क
पानी में गिरा ट्रक - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : मुंगेर में बाढ़ और बारिश के बीच सड़क धंसने से बड़ा हादसा हो गया। बरियारपुर ओवरब्रिज से करीब आधा किलोमीटर दूर अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिसकी चपेट में मक्का लदा एक विशाल ट्रक आ गया। देखते ही देखते पूरा ट्रक सड़क से नीचे बाढ़ के पानी में जा गिरा। हादसे के बाद चालक और उपचालक ने किसी तरह ट्रक से निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

तस्वीरें मुंगेर के बरियारपुर की हैं जहां बाढ़ और बारिश ने सड़क की हालत पहले से ही बदहाल कर रखी है। इसी बदहाल सड़क ने उस वक्त बड़ा हादसा करा दिया, जब मक्का लदा एक विशाल ट्रक अचानक सड़क धंसने के कारण पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रक पूर्णिया से मक्का लेकर बरियारपुर-खड़गपुर के रास्ते पश्चिम बंगाल जा रहा था। बरियारपुर ओवरब्रिज से नीचे उतरने के बाद ट्रक कुछ दूर ही आगे बढ़ा था कि सड़क किनारे का हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसते ही ट्रक का संतुलन बिगड़ा और देखते ही देखते पूरा ट्रक सड़क के नीचे बाढ़ के पानी में जा गिरा। 

चालक के मुताबिक, सड़क की हालत पहले से ही काफी खराब थी। बाढ़ प्रभावित लोगों ने सड़क किनारे अपना आशियाना भी बना रखा था। उन्हें बचाने के लिए ट्रक को थोड़ा किनारे करना पड़ा और इसी दौरान सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के साथ मक्का भी बाढ़ के पानी में समा गया। गनीमत रही कि चालक शमशुद्दीन अंसारी और उपचालक रियाजुद्दीन अंसारी समय रहते ट्रक से निकलने में कामयाब रहे। दोनों ने किसी तरह पानी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। 

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं सड़क के धंसने से इलाके में आवागमन को लेकर भी चिंता बढ़ गई है । बाढ़ के कारण पहले से ही सड़कें कमजोर हो चुकी हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क धंसने की इस घटना ने प्रशासन के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब लोगों को इंतजार है कि बाढ़ से बदहाल इस सड़क की जल्द मरम्मत और सुरक्षा के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट