Bihar News: बच्चों के बचपन पर डाका डालने वालों की अब खैर नहीं, मुंगेर पुलिस का बड़ा अभियान, बाल श्रम और मानव तस्करी के खिलाफ बाजारों में उतरी खाकी
Bihar News: समाज के कमजोर तबकों को शोषण से बचाने और लोगों को जागरूक करने के मकसद से पुलिस ने शहर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया।
Munger: बाल मजदूरी, मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मुंगेर पुलिस ने अब मोर्चा खोल दिया है। समाज के कमजोर तबकों को शोषण से बचाने और लोगों को जागरूक करने के मकसद से पुलिस ने शहर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर लोगों को इन अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।मुंगेर शहर में चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व साइबर डीएसपी राकेश रंजन ने किया। उनके साथ कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव तिवारी समेत पुलिस की टीम मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर के प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील इलाकों में जाकर लोगों से संवाद किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने जागरूकता पंपलेट बांटे और सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चिपकाए। इन पोस्टरों में लोगों को साफ संदेश दिया गया कि "बच्चों से मजदूरी नहीं, शिक्षा दिलाएं।" पुलिस ने लोगों से अपील की कि अगर कहीं भी बाल श्रम, मानव तस्करी या बंधुआ मजदूरी का मामला दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दें। पुलिस ने खास तौर पर उन स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की अपील की, जहां अक्सर बाल श्रम और मजदूरों के शोषण की शिकायतें सामने आती हैं। इनमें होटल-ढाबे, फैक्ट्रियां, ईंट-भट्ठे, बाजार क्षेत्र और परिवहन केंद्र शामिल हैं।पुलिस ने लोगों को बताया कि किसी भी बच्चे से मजदूरी करवाना कानूनन अपराध है। इसके साथ ही मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साइबर डीएसपी राकेश रंजन ने कहा कि मानव तस्करी और बाल श्रम समाज के लिए गंभीर अपराध हैं। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस की कार्रवाई से इन बुराइयों को पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता, इसके लिए आम लोगों की जागरूकता और भागीदारी बेहद जरूरी है।उन्होंने कहा बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। अगर कहीं भी किसी बच्चे का शोषण होता दिखे तो लोग चुप न रहें और तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन को सूचना दें।
मुंगेर पुलिस का मानना है कि जागरूक समाज ही बाल श्रम, मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगा सकता है। इसी सोच के तहत पुलिस लगातार जन-जागरूकता अभियान चला रही है।इस अभियान के जरिए पुलिस ने एक स्पष्ट संदेश दिया है कि बच्चों का बचपन छीनने वालों और कमजोर लोगों का शोषण करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे समाज को इन कुरीतियों से मुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान