Bihar News : मुंगेर को मिलेगी नई पहचान, 12.49 करोड़ की लागत से इको-टूरिज्म हब बनेगा असरगंज का 'ढोल पहाड़ी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने किया ऐलान '

Bihar News : मुंगेर को नई पहचान देने की देने की कवायद तेज हो गयी है. इसी कड़ी में असरगंज के 'ढोल पहाड़ी' को इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जायेगा......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर को मिलेगी नई पहचान, 12.49 करोड़ की लागत
इको-टूरिज्म हब बनेगा असरगंज- फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : बिहार सरकार ने मुंगेर के पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने असरगंज स्थित ढोल पहाड़ी को 12.49 करोड़ रुपये की लागत से इको टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की मंजूरी दी है। जिससे वहां के लोगों के लिय रोजगार की नई आस जगी है । 

योजना के तहत तारापुर अनुमंडल के असरगंज में स्थित ढोल पहाड़ी को अब आधुनिक सुविधाओं से लैस पर्यटन, धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। ऐतिहासिक रूप से भी यह स्थल खास रहा है—स्वतंत्रता संग्राम के दौरान यहां क्रांतिकारियों का गुप्त अड्डा हुआ करता था, जहां से अंग्रेजों के खिलाफ रणनीति बनाई जाती थी। परियोजना के तहत यहां बैंक्वेट हॉल, हाट बाजार, क्राफ्ट शॉप्स और वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। साथ ही पब्लिक टॉयलेट, पार्किंग, पक्के पाथवे और आकर्षक सुंदरीकरण का कार्य किया जाएगा।

पर्यटकों के लिए मेला ग्राउंड, पिकनिक स्पॉट, ग्रीन बेल्ट, प्ले एरिया, स्पोर्ट्स कोर्ट और ऑब्जर्वेशन डेक जैसे कई आकर्षण भी विकसित किए जाएंगे ।धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए यहां शिव प्रतिमा स्थापित की जाएगी और बाबा मौनीनाथ मंदिर व प्राचीन गुफाओं को भी पर्यटन सर्किट से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही सोलर लाइटिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पेयजल और सीवरेज जैसी आधुनिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। 

सरकार का मानना है कि इस परियोजना से न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी पैदा होंगे, जिससे मुंगेर की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा कल तक उपेक्षित और विकास से कोसों दूर इस ढोल पहाड़ी गांव को पर्यटन के अनुकूल बनाने की बात अब जमीन पर उतरती नजर आ रही है । जिससे यहां का विकास भी होगा और रोजगार भी सृजित होगा।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट