Bihar Bike Fire Incident: मुंगेर में चलते-चलते धधकी बाइक, देखते ही देखते जलकर हुई खाक, सवार ने कूदकर बचाई जान
Bihar Bike Fire Incident: मुंगेर में उस वक्त खौफ और अफरा-तफरी का मंजर बन गया, जब एक चलती बाइक अचानक आग का गोला बन गई।...
Bihar Bike Fire Incident: बिहार के मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र में उस वक्त खौफ और अफरा-तफरी का मंजर बन गया, जब एक चलती बाइक अचानक आग का गोला बन गई। पंशाय मोड़ पर घटी इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी और लोगों को हैरत में डाल दिया आखिर सड़क पर चलते-चलते यह आग का हादसा कैसे हो गया?
मिली जानकारी के मुताबिक, देर शाम धीरज कुमार अपनी बाइक से गुजर रहे थे, तभी अचानक बाइक में आग लग गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि पलक झपकते ही पूरी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई। यह मंजर किसी खौफनाक फिल्मी सीन से कम नहीं था चारों तरफ लपटें और बीच सड़क पर जलती बाइक।
हालांकि, इस पूरी घटना में सबसे अहम बात यह रही कि बाइक सवार ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया। हालात को भांपते हुए उसने बिना वक्त गंवाए बाइक से छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। अगर जरा भी देर होती, तो यह हादसा एक बड़े जानलेवा कांड में तब्दील हो सकता था।
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। अवाम ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उस पर काबू पाना आसान नहीं था। कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी हालत को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल आग लगने की असल वजह सामने नहीं आ पाई है। क्या यह तकनीकी खराबी थी, या फिर किसी बड़ी लापरवाही का नतीजा यह जांच का विषय बना हुआ है। इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि एक छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। हालांकि, वक्त रहते बाइक सवार की समझदारी ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया लेकिन यह सवाल अभी भी बाकी है कि ऐसे हादसों से बचाव के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे?
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान