NAVRATRI 2026 : मुंगेर के 13 वर्षीय बाल कलाकार राजवीर ने बनाई बड़ी दुर्गा महारानी की हूबहू प्रतिमा, कलाकारी देख दंग रह गए लोग

NAVRATRI 2026 : मुंगेर में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले राजवीर कुमार जिले के शादीपुर स्थित प्रसिद्ध बड़ी दुर्गा महारानी की प्रतिमा का हुबहू स्वरूप तैयार किया है......पढ़िए आगे

NAVRATRI 2026 : मुंगेर के 13 वर्षीय बाल कलाकार राजवीर ने बना
बच्चे की अद्भुत कला - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर मुख्य बाजार निवासी 13 वर्षीय राजवीर कुमार ने अपनी अद्भुत कलाकारी से सबको हैरान कर दिया है। उन्होंने मुंगेर की प्रसिद्ध शादीपुर स्थित बड़ी दुर्गा महारानी की प्रतिमा का बिल्कुल हूबहू और आकर्षक स्वरूप तैयार किया है।

शादीपुर की बड़ी दुर्गा महारानी की ख्याति केवल बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश भर में फैली हुई है। मां के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए हमेशा से ही श्रद्धालुओं में गहरी आस्था रही है, और इसी प्रसिद्ध प्रतिमा से प्रेरित होकर राजवीर ने इसे अपने हाथों से आकार दिया है।

राजवीर की इस शानदार कलाकारी की चर्चा जैसे-जैसे लोगों तक पहुंच रही है, उनके घर पर प्रतिमा को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। हालांकि इस प्रतिमा का आकार छोटा है, लेकिन इसकी बारीकी और शादीपुर वाली प्रतिमा से इसकी अद्भुत समानता हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

खास बात यह है कि महज 13 साल की उम्र के राजवीर पिछले आठ वर्षों से मूर्ति निर्माण के प्रति समर्पित हैं। इससे पहले वे अयोध्या में स्थापित भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा वाली मूर्ति का स्वरूप भी बहुत ही खूबसूरती से तैयार कर चुके हैं। राजवीर की इस प्रतिभा को निखारने में उनके माता-पिता और बहन का सबसे बड़ा योगदान रहा है, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। उनकी यह कहानी साबित करती है कि पक्की लगन और मेहनत हो, तो कम उम्र में भी बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट