Bihar News : मुंगेर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सीताकुंड डीह राहत शिविर का लिया जायजा, मुंगेर-भागलपुर सड़क का ऐलान

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बाढ़ पीड़ितों का हालचाल जानने मुंगेर पहुंचे। दोनों नेताओं ने सीताकुंड डीह स्थित राहत शिविर में जाकर पीड़ितों से सीधा संवाद किया......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत
मुंगेर में मंत्री - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : मुंगेर में बाढ़ का पानी भले ही उतर रहा हो, लेकिन प्रभावित लोगों की मुश्किलें अब भी बरकरार हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे। सीताकुंड डीह के राहत शिविर में दोनों नेताओं ने पीड़ितों से सीधे संवाद किया, व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने जहां प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की बात कही, वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री ने बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मौके पर प्रभारी मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्थानीय विधायक, आयुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी समेत बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहे।

राहत शिविर पहुंचते ही मुख्यमंत्री सबसे पहले अस्थायी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों और सेविका से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बच्चों से पूछा कि वे उन्हें पहचानते हैं या नहीं। बच्चों के साथ संवाद का यह दृश्य राहत शिविर में मौजूद लोगों के लिए खास रहा। इसके बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे और राहत शिविर में मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। दोनों नेताओं ने बाढ़ पीड़ितों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। खाना खा रही महिलाओं ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी कई समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को सुनते हुए समाधान का भरोसा दिया। बाढ़ पीड़ितों को भरोसा दिलाया गया कि सरकार उनकी परेशानी दूर करने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

वहीँ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहत शिविर में भोजन, दवा, कपड़े, दूध और शिक्षा समेत मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। शिविर में आंगनबाड़ी का अस्थायी केंद्र भी संचालित किया जा रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री ने राहत शिविर में लगाए गए अलग-अलग स्टॉलों का निरीक्षण किया। यहां स्वास्थ्य, भोजन, शिक्षा, कपड़ा और पशु चारा समेत उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहत शिविर में लोगों को मिल रही सुविधाएं संतोषजनक हैं। बाढ़ से फसल, मकान और पशुओं को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ग्रामीण कार्य विभाग और कृषि विभाग की टीमें नुकसान का जायजा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिहार सरकार को हरसंभव मदद करेगी।

वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार की ओर से 7 हजार रुपये की सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है । मुख्यमंत्री ने मुंगेर के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बरसात खत्म होने के बाद मुंगेर से भागलपुर के बीच करीब 83 किलोमीटर सड़क को लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एट-ग्रेड सड़क के जरिए ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे भविष्य में बाढ़ के कारण आवागमन प्रभावित होने की स्थिति को कम किया जा सके।

वहीँ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का 16 सितंबर को भागलपुर जिले में जलप्रलय और बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लेने हेतु एक दिवसीय दौरा संपन्न हुआ। उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश कुमार मिश्रा और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। निर्धारित शेड्यूल में व्यस्तता और समय के अभाव के कारण दोनों नेताओं का काफिला सीधे बरारी स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचा। वहां चल रहे बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण करते हुए केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की, उनका हाल-चाल जाना और राहत सामग्री व भोजन की व्यवस्था की समीक्षा की। पॉलीटेक्निक निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री भागलपुर हवाई अड्डे पहुंचे। वहां उन्होंने समय की बाध्यता को देखते हुए आलाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की और बाढ़ राहत, बचाव व पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

दूसरी ओर, नवगछिया अंतर्गत काजीकोरैया बाँध पर मंत्रियों के आगमन का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को जब उनके न आने की सूचना मिली, तो वे उग्र हो गए। मंत्रियों के राघोपुर और काजीकोरैया नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने बाँध पर लगे पोस्टर, जल संसाधन विभाग की हैलोजन लाइटें और कटाव निरोधी जियो बैग को फाड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नवगछिया और भागलपुर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मौके पर नवगछिया SP वैभव शर्मा, SDM के. परीक्षित, DCLR, जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर जयप्रकाश पासवान, कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार,राजीव कुमार सहित कई वरीय अधिकारी और पुलिस बल मौजूद थे।वहीं स्थानीय x आर्मी सह समाज सेवक पंकज सिंह मौजूद थे.

मुंगेर से इम्तियाज़ और भागलपुर से बालमुकुन्द की रिपोर्ट