लूट की संस्कृति पर लगेगा ब्रेक! डिप्टी CM विजय सिन्हा का सख्त संदेश-सिस्टम होगा पारदर्शी, गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं

Bihar News: उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बेबाक अंदाज़ में साफ कर दिया कि अब व्यवस्था में पारदर्शिता लाकर लूट की संस्कृति पर लगाम कसने का वक्त आ गया है।

Dy CM warns graft crackdown transparent system ahead
डिप्टी CM विजय सिन्हा का सख्त संदेश- फोटो : reporter

Munger: जिला में  आयोजित बुद्धिजीवियों की अहम बैठक में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बेबाक अंदाज़ में साफ कर दिया कि अब व्यवस्था में पारदर्शिता लाकर लूट की संस्कृति पर लगाम कसने का वक्त आ गया है। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार की सख्ती से भले कुछ लोगों की परेशानी बढ़ी हो, लेकिन आम जनता ईमानदारी से काम करने वालों के साथ मजबूती से खड़ी है।

शुक्रवार देर शाम संग्रहालय सभागार में हुई इस हाई-प्रोफाइल बैठक में शहर के बुद्धिजीवियों के साथ विकास और जमीनी समस्याओं पर गहन मंथन हुआ। बैठक की शुरुआत एसपी सैयद इमरान मसूद और अपर समाहर्ता मनोज कुमार के स्वागत संबोधन से हुई। इस मौके पर महापौर कुमकुम देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार पोद्दार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक के दौरान शहर की ज्वलंत समस्याओं पेयजल आपूर्ति, सीवरेज सिस्टम और खुले में मांस-मछली की बिक्री को लेकर तीखी चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने इन मुद्दों पर नगर आयुक्त को तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि जनता को बुनियादी सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अवैध खनिज परिवहन को लेकर भी उपमुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहनों पर इतनी कड़ी कार्रवाई होगी कि वे दोबारा सड़क पर दिखने की हिम्मत नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बिहार में ओवरलोडिंग पर लगभग पूरी तरह से रोक लग चुकी है।

विजय सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित बिहार के विजन को दोहराते हुए कहा कि प्रशासन इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समस्याओं का समाधान स्थायी होना चाहिए और इसके लिए प्रशासन को सक्रिय और जवाबदेह बनना होगा।उन्होंने अंत में कहा हम सिस्टम को पारदर्शी बनाएंगे, लूट की संस्कृति पर अंकुश लगाया जाएगा। जनता अच्छे काम करने वालों के साथ है। उपमुख्यमंत्री आज भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में भाग लेकर आम लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे। कुल मिलाकर, यह बैठक सिर्फ चर्चा तक सीमित नहीं रही, बल्कि साफ संकेत दे गई कि अब गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन तय है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान