Bihar News: नवरात्रि में घर आई मां दुर्गा की नन्ही स्वरूपा, सजाया वाहन, ढोल-नगाड़े जैसे उत्साह से वैष्णवी का भव्य स्वागत, भावुक कर देगी तस्वीर
Bihar News: नवरात्रि के पावन दिनों में बिहार के मुंगेर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो बेटी के प्रति प्रेम, आस्था और परिवार की खुशियों को बयां करती है। ..
Bihar News: नवरात्रि के पावन दिनों में बिहार के मुंगेर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो बेटी के प्रति प्रेम, आस्था और परिवार की खुशियों को बयां करती है। मां दुर्गा की आराधना के बीच घर आई नन्ही परी का परिजनों ने बेहद खास अंदाज में स्वागत किया। बेटी के जन्म को मां दुर्गा का आशीर्वाद मानते हुए परिवार ने अस्पताल से घर आने के लिए वाहन को सजाया और खुशी-खुशी मां-बेटी को अपने घर लेकर पहुंचा। नन्ही बच्ची का नाम वैष्णवी रखा गया है। उसके आगमन से पूरे परिवार में उत्सव जैसा माहौल है।

नवरात्रि में जन्मी बेटी, परिवार ने माना मां दुर्गा का आशीर्वाद
मुंगेर के मय दरियापुर निवासी रितेश कुमार और ज्योति कुमारी के घर नवरात्रि के दौरान बेटी का जन्म हुआ। परिवार के लिए यह खुशी इसलिए भी खास बन गई, क्योंकि बच्ची का जन्म मां दुर्गा की आराधना के पावन दिनों में हुआ। परिजनों ने अपनी नन्ही बेटी को मां दुर्गा का स्वरूप मानते हुए उसका नाम वैष्णवी रखा।
बच्ची के जन्म की खबर मिलते ही परिवार में खुशियां छा गईं। घर के सदस्यों ने नवजात के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दीं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब मां और बेटी घर के लिए रवाना हुईं, तो परिवार ने वाहन को सजाकर उनके स्वागत को यादगार बना दिया।

सजाया वाहन, खुशियों के साथ घर पहुंची नन्ही वैष्णवी
अस्पताल से घर लौटने के दौरान परिवार का उत्साह देखते ही बन रहा था। सजाए गए वाहन से मां और नवजात बेटी को घर लाया गया। परिवार के लिए यह महज अस्पताल से घर लौटने का पल नहीं, बल्कि जिंदगी के एक नए और खूबसूरत अध्याय की शुरुआत थी।नन्ही वैष्णवी के आगमन से घर में खुशियों की बहार आ गई है। परिजन उसे मां दुर्गा का आशीर्वाद मान रहे हैं। नवरात्रि के धार्मिक माहौल के बीच बच्ची का स्वागत परिवार के लिए यादगार बन गया।
पहले से एक बेटी और बेटा, अब वैष्णवी के आने से बढ़ीं खुशियां
रितेश कुमार और ज्योति कुमारी के परिवार में पहले से एक बेटी और एक बेटा हैं। अब नन्ही वैष्णवी के आने से परिवार की खुशियां और बढ़ गई हैं। परिजनों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान बेटी का जन्म होना उनके लिए बेहद खास है। वे इस नन्ही जान को मां दुर्गा की कृपा के रूप में देख रहे हैं।
बेटी के स्वागत की तस्वीर दे रही खास संदेश
आज भी कई जगहों पर बेटी के जन्म को लेकर भेदभाव की खबरें सामने आती हैं। ऐसे में मुंगेर के इस परिवार का अपनी बेटी के आगमन को उत्सव की तरह मनाना एक सकारात्मक संदेश देता है। बेटी भी परिवार की खुशियों, उम्मीदों और सपनों का उतना ही अहम हिस्सा है, जितना बेटा।नवरात्रि में घर आई वैष्णवी का यह अनोखा स्वागत प्रेम, आस्था और बेटी के सम्मान की खूबसूरत मिसाल है। नन्ही परी के आगमन से रितेश और ज्योति के घर में खुशियों का नया अध्याय शुरू हो गया है।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान