Bihar News : मुंगेर में दिनदहाड़े गोलीबारी से मचा हड़कंप, दुकानदार ने टोका तो बदमाश ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात

Bihar News : बिहार के मुंगेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेकापुर किराना पट्टी के पास बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर दहशत फैला दी......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में दिनदहाड़े गोलीबारी से मचा हड़कंप, दु
मुंगेर में फायरिंग - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेकापुर किराना पट्टी के पास बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर दहशत फैला दी। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से पूरे व्यावसायिक इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों में भारी खौफ का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जाँच-पड़ताल शुरू कर दी है।

फोन पर आपराधिक साजिश रचते देखा तो टोका

बेकापुर स्थित 'मुंगेर सोलर सॉल्यूशन' के प्रोपराइटर योगेंद्र मंडल ने बताया कि उनकी दुकान के बाहर एक अज्ञात युवक ई-रिक्शा पर बैठकर मोबाइल फोन पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की बात कर रहा था। संदेह होने पर जब दुकानदार ने उसे वहाँ से जाने को कहा, तो विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर बाद वह युवक अपने 3-4 अन्य साथियों के साथ दुकान पर आ धमका और गाली-गलौज करने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर शांत कराया।

तीसरी बार हथियार लहराते आया और चलाई गोली

पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि मामला शांत होने के थोड़ी देर बाद वह सिरफिरा युवक तीसरी बार हाथ में अवैध हथियार लेकर फिर दुकान पर आ पहुँचा। आसपास के लोगों ने उसे दोबारा खदेड़ने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन जाते-जाते दबंगई दिखाते हुए उसने हवा में गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। पीड़ित के अनुसार, यह आरोपित इससे पहले भी दो बार दुकान पर आकर गाली-गलौज व धमकी दे चुका था।

CCTV फुटेज में कैद हुई घटना, संदिग्ध की पहचान जारी

घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस ने मौका-ए-वारदात की गहनता से जाँच की और आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस के अनुसार पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार ने संदलपुर निवासी एक युवक पर गोली चलाने का नामजद आरोप लगाया है।

व्यवसायियों में दहशत, पुलिस ने माँगा लिखित आवेदन

पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित दुकानदार को आरोपितों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराने का निर्देश दिया है, जिसके आधार पर आगे की प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, लगातार मिल रही धमकियों के बावजूद दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से बेकापुर के स्थानीय व्यापारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता और आक्रोश है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट