Bihar News : मुंगेर में पशु तस्करी के सिंडिकेट का भंडाफोड़, SP इमरान मसूद का बड़ा एक्शन, दारोगा समेत 4 पुलिसकर्मी हुए गिरफ्तार

Bihar News : मुंगेर एसपी के कड़े रुख के बाद, तस्करों से साठगांठ रखने के आरोप में एक एएसआई सहित चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में पशु तस्करी के सिंडिकेट का भंडाफोड़,
दारोगा सहित चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले में पशु तस्करी के एक बड़े नेटवर्क के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने अब तक की सबसे सख्त और ऐतिहासिक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के कड़े रुख के बाद, तस्करों से साठगांठ रखने के आरोप में पुलिस विभाग के ही एक पुलिस उप-निरीक्षक (ASI) सहित चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इन आरोपी पुलिसकर्मियों पर मवेशियों से भरे अवैध वाहनों को जिले की सीमा से सुरक्षित पास कराने और तस्करों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप है।

इस पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश जिला सूचना इकाई (DIU) की एक गुप्त सूचना के बाद हुआ। डीआईयू की टीम ने मुंगेर-जमालपुर मुख्य मार्ग स्थित बिंदवारा मोड़ के पास तुरंत नाकेबंदी की और एक संदिग्ध ट्रक को रोका। जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें 35 से 36 भैंसों को क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से ही तीन पशु तस्करों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि वे इन मवेशियों को खगड़िया ले जा रहे थे।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच की गई। तकनीकी अनुसंधान के दौरान तस्करों और मुंगेर पुलिस के कर्मियों के बीच सीधी बातचीत के पुख्ता प्रमाण सामने आए। जांच में खुलासा हुआ कि ट्रैफिक थाना, मुफस्सिल थाना और अन्य थानों में तैनात एक दारोगा समेत चार पुलिसकर्मी तस्करों को लोकेशन शेयर करते थे। साक्ष्य मिलते ही पुलिस कप्तान ने तुरंत चारों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए।

खाकी के संरक्षण में चल रहे इस अवैध कारोबार के उजागर होने से मुंगेर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह सिंडिकेट कब से सक्रिय था और इसमें विभाग के अन्य कितने कर्मियों की सहभागिता रही है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है और इस गिरोह से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट