Bihar Love Affair: सिंदूर का रंग फीका पड़ने से पहले ही फरेब, ग्रामीणों के सामने हुई अनोखी शादी के बाद पति ने कर दिया खेला
Bihar Love Affair: प्रेम प्रसंग और शादी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।....
Bihar Love Affair: मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग और शादी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दो वर्षों से प्रेम संबंध में रहे प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद गांव वालों की मौजूदगी में प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया और सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा भी किया। लेकिन शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हा अपनी नई नवेली पत्नी को छोड़कर फरार हो गया। अब लड़की और उसके परिजन परेशान हैं और युवक की तलाश में जुटे हैं।
पूरा मामला धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव के अनिल मंडल की बेटी का गांव के ही दीपक चौधरी के पुत्र गौरव कुमार के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच प्रेम संबंध की जानकारी धीरे-धीरे परिवार और ग्रामीणों को भी हो गई थी।
बताया जाता है कि 10 नवंबर की रात गौरव अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिजनों और ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद गांव में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। मामले को लेकर ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया और दोनों की शादी कराने का फैसला लिया। ग्रामीणों की मौजूदगी में गौरव ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा और उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाईं।
हालांकि, इस शादी की खुशियां ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकीं। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद गौरव के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वहां फिर से विवाद और तनाव की स्थिति बन गई। इसी बीच गौरव लोगों को चकमा देकर अपनी नवविवाहिता पत्नी को वहीं छोड़कर फरार हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
शादी के कुछ घंटे बाद ही पति के इस तरह गायब हो जाने से लड़की और उसका परिवार गहरे संकट में है। परिजन युवक की तलाश कर रहे हैं। वहीं, मामले की सूचना धरहरा पुलिस को दिए जाने की बात सामने आई है। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई और फरार युवक की तलाश पर टिकी है।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान