Bihar Crime : मुंगेर में कलयुगी पिता ने दिव्यांग बेटे को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
Bihar Crime : मुंगेर में एक पिता ने अपने ही सोए हुए दिव्यांग बेटे के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी । हत्या के बाद आरोपी पिता फरार हो गया.......पढ़िए आगे
MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शामपुर थाना क्षेत्र के गोबड्डा पंचायत में देर रात एक 70 वर्षीय पिता ने अपने ही सोए हुए 40 वर्षीय दिव्यांग बेटे की कुल्हाड़ी से वार कर नृशंस हत्या कर दी। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय चंद्रशेखर मांझी के रूप में हुई है, जो शारीरिक रूप से दिव्यांग था और काम करने में असमर्थ था। परिजनों के अनुसार, चंद्रशेखर के काम न कर पाने को लेकर पिता तिलो मांझी अक्सर उसे ताने दिया करता था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच घरेलू विवाद को लेकर काफी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आरोपी पिता घर से चला गया था।
विवाद के बाद देर रात जब चंद्रशेखर गहरी नींद में सो रहा था, तभी पिता तिलो मांझी वापस लौटा और कुल्हाड़ी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अत्यधिक खून बह जाने के कारण चंद्रशेखर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता अपने सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर मौके से फरार हो गया। सुबह परिजनों ने खून से लथपथ शव देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर शामपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल खून से सनी कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं मृतक की पत्नी, बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी पिता तिलो मांझी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद और तानेबाजी ही हत्या की मुख्य वजह सामने आ रही है, हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट