Bihar News : मुंगेर में एएसआई की पत्नी ने सर्विस पिस्टल से खुद को मारी गोली, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
MUNGER : जिले के सफियाबाद थाने में पदस्थापित एएसआई (ASI) चंदन कुमार के घर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ उनकी पत्नी मधु कुमारी ने पति की सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली सीधे मधु के सीने में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। एएसआई चंदन कुमार आनन-फानन में अपनी पत्नी को लेकर मुंगेर सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचे, लेकिन वहां के डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से पुलिस लाइन और संबंधित क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना के बाद अस्पताल पहुंचे वरीय अधिकारी और FSL की टीम
ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी की पत्नी द्वारा आत्महत्या की खबर मिलते ही मुंगेर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) सैयद इमरान मसूद तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और पिस्टल की स्थिति व गोलीबारी के कोण की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि घटना की सही कड़ियों को जोड़ा जा सके।
पारिवारिक विवाद बना मौत का कारण: एसपी
मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पति-पत्नी के बीच हुए किसी विवाद का परिणाम लग रहा है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले दोनों के बीच कुछ अनबन हुई थी, जिसके बाद आवेश में आकर मधु कुमारी ने पति के सर्विस रिवॉल्वर को उठा लिया और खुद पर गोली चला दी। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सर्विस हथियार को सुरक्षित स्थान पर रखा गया था या नहीं और इसमें किसी की लापरवाही तो नहीं थी।
अस्पताल परिसर में पसरा मातम
अस्पताल में मधु कुमारी को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहां मौजूद पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। एएसआई चंदन कुमार से भी पुलिस के वरीय अधिकारियों ने पूछताछ की है ताकि घटना के समय की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के समय और अन्य तकनीकी पहलुओं पर अधिक स्पष्टता मिल सकेगी।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट