Durga Puja 2026 : मुंगेर में दुर्गा पूजा का भव्य आकर्षण, मलेशिया के ट्विन टावर और ब्रिटिश पार्लियामेंट की तर्ज पर बन रहा कल्याणपुर का पंडाल

Durga Puja 2026 : मुंगेर में गंगा किनारे स्थित मंदिर परिसर में मलेशिया के प्रसिद्ध पेट्रोनास ट्विन टावर और ब्रिटिश पार्लियामेंट की तर्ज पर पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। जिसकी तैयारी अंतिम चरण में हैं.....पढ़िए आगे

Durga Puja 2026 : मुंगेर में दुर्गा पूजा का भव्य आकर्षण, मले
मुंगेर में बना रहा ट्विन टावर - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : बिहार के मुंगेर में दुर्गा पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी बीच कल्याणपुर में बन रहा बड़ी दुर्गा महारानी का भव्य पूजा पंडाल इस बार आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। गंगा तट के किनारे स्थित मंदिर परिसर में मलेशिया के प्रसिद्ध ट्विन टावर और ब्रिटिश पार्लियामेंट की तर्ज पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। ऊंचे टावर, स्काई ब्रिज, भगवान शिव की विशाल प्रतिमा और आकर्षक लाइटिंग इस बार श्रद्धालुओं को खास अनुभव देने वाली है। इस को लेकर स्थानीय लोगों और आसपास के ग्रामीणों में खासा उत्साह भी देखा जा रहा है।

दरअसल हर साल की तरह मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड में स्थित बड़ी दुर्गा महारानी पूजा समिति कल्याणपुर में इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय इमारतों की थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण करा रही है। मलेशिया के प्रसिद्ध पेट्रोनास ट्विन टावर की तर्ज पर बनने वाला मुख्य पंडाल करीब 170 फीट ऊंचा और 150 फीट चौड़ा होगा। दोनों टावरों के बीच स्काई ब्रिज भी बनाया जा रहा है, जो पंडाल की भव्यता को और बढ़ाएगा। 

पंडाल को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि दूर से देखने पर यह मलेशिया के प्रसिद्ध ट्विन टावर जैसा दिखाई देगा। वहीं, ब्रिटिश पार्लियामेंट की तर्ज पर विक्टोरिया हाउस की प्रतिकृति भी बनाई जा रही है। इसके ऊपर भगवान भोलेनाथ की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। एक ही परिसर में आधुनिक वास्तुकला और धार्मिक आस्था का यह अनूठा संगम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगा। 

पूजा समिति के आयोजक डॉ. नीतिश चंद्र दुबे के अनुसार, समिति हर वर्ष अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय और ऐतिहासिक स्थलों की थीम पर पंडाल बनाने का प्रयास करती है। इससे पहले बुर्ज खलीफा, थाईलैंड के अरुण मंदिर और जयपुर के हवामहल की तर्ज पर भी पंडाल बनाए जा चुके हैं। इस बार मलेशिया के ट्विन टावर के थीम पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। जिसे अब कलाकार अंतिम रूप दे रहे हैं।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट