Bihar News : मुंगेर में शराबकांड को लेकर एसपी ने की बड़ी कार्रवाई, थानाध्यक्ष समेत 7 और पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड, अब तक 9 पर गिरी गाज
Bihar News : मुंगेर एसपी ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा समेत 7 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इससे पहले इसी मामले में दो दारोगा भी निलंबित किए जा चुके हैं......जानिए वजह
MUNGER : शराब से जुड़े एक मामले में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की संदिग्ध भूमिका को लेकर मुंगेर पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने एक बार फिर बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। डीएसपी मुख्यालय की विस्तृत जांच रिपोर्ट के आधार पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा समेत कुल 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले भी इसी मामले में दो दारोगाओं को निलंबित किया जा चुका है, जिसके बाद एक ही केस में मुफस्सिल थाना से अब तक कुल 9 पुलिसकर्मियों पर गाज गिर चुकी है।
डीएसपी मुख्यालय की जांच के दौरान मुफस्सिल थाने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला गया तथा थाने में संधारित अभिलेखों की गहन जांच की गई। इसके अलावा छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मियों से भी कड़ी पूछताछ की गई। जांच रिपोर्ट में शराब से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करने में तथ्यों की गंभीर हेराफेरी के ठोस साक्ष्य मिले। साथ ही, थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारियों और कर्मचारियों की भी शराब के मामले में संलिप्तता उजागर हुई, जिसके आधार पर एसपी ने यह कड़ी कार्रवाई की।
ताजा कार्रवाई के तहत थानाध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा के अलावा सिपाही मन्नु कुमार, क्यूआरटी हसनपुर के सिपाही प्रशांत कुमार, निलेश कुमार पासवान, सूरज कुमार, विनोद सिंह यादव और चौकीदार कृष्णदेव पासवान को निलंबित किया गया है। इससे पूर्व, गत 26 सितंबर को इसी मामले में सर्किल इंस्पेक्टर की जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर मुफस्सिल थाना में तैनात दारोगा राजेश कुमार शर्मा और नुरैन अंसारी को भी निलंबित किया जा चुका था।
मुंगेर पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसपी सैयद इमरान मसूद ने सख्त लहजे में कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है और इसके अनुपालन में किसी भी स्तर पर जरा सी भी लापरवाही या साठगांठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की ऐसी संलिप्तता से महकमे की छवि धूमिल हुई है, जिसके चलते सभी दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कदम उठाए गए हैं।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट