Bihar News : मुंगेर में चोरों ने सीआरपीएफ जवान के बंद घर को बनाया निशाना, 20 लाख के गहने और नकदी पर किया हाथ साफ़

Bihar News :मुंगेर मे मुफस्सिल थाना क्षेत्र की आईटीसी कॉलोनी में चोरों ने सीआरपीएफ जवान के बंद आवास को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी कर ली।

Bihar News : मुंगेर में चोरों ने सीआरपीएफ जवान के बंद घर को
बंद घर में चोरी - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित आईटीसी कॉलोनी में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने दिल्ली में तैनात सीआरपीएफ जवान के बंद आवास को निशाना बनाया और लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोगों में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ जवान मो० खुर्शीद आलम वर्तमान में दिल्ली में अपनी ड्यूटी पर तैनात हैं। वे करीब छह महीने पहले ही मुंगेर से ड्यूटी के लिए गए थे, जिसके बाद से उनका यह आवास पूरी तरह बंद था। मंगलवार की सुबह जब उनके परिजन मो० नदीम घर की सफाई करने के लिए वहां पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया।

घर के अंदर प्रवेश करने पर परिजनों ने देखा कि अलमारी और बक्सों के ताले टूटे पड़े थे और सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। शुरुआती जांच में पता चला कि चोर घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के कीमती गहने, 56 हजार रुपये नकद, महंगे कपड़े, एलईडी टीवी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती नियमित रूप से नहीं होने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मामले की पुष्टि करते हुए मुफस्सिल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मो० असलम अंसारी ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट