Bihar Love Story: मंदिर में प्रेमी ने भर दी प्रेमिका की मांग, इश्क का परिणाम या गांव का फरमान? वायरल वीडियो ने खड़े किए ये सवाल

Bihar Love Story: मुंगेर में इश्क की एक कहानी उस वक्त अचानक सुर्खियों में आ गई, जब प्रेमी-प्रेमिका को ग्रामीणों ने मंदिर में विवाह के बंधन में बांध दिया। ...

Love Turns Into Marriage as Villagers Tie Couple in Munger
मंदिर में प्रेमी ने भर दी प्रेमिका की मांग- फोटो : reporter

Bihar Love Story: मुंगेर में इश्क की एक कहानी उस वक्त अचानक सुर्खियों में आ गई, जब प्रेमी-प्रेमिका को ग्रामीणों ने मंदिर में विवाह के बंधन में बांध दिया। मामला हेमजापुर क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां हनुमान मंदिर में प्रेमी युगल की शादी की रस्में कराई गईं। इस पूरे वाकये का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि युवक अपनी महबूबा से मिलने के लिए वहां पहुंचा था। दोनों मंदिर परिसर में मिले थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को ऐसी स्थिति में देख लिया, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई। देखते ही देखते मामला पंचायतनुमा माहौल में बदल गया और ग्रामीणों ने दोनों की शादी कराने का फैसला कर लिया।

वायरल वीडियो में प्रेमी अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरता दिखाई दे रहा है। आसपास ग्रामीणों की भीड़ मौजूद है और शादी की रस्में पूरी कराई जा रही हैं। इस दौरान पुलिस की मौजूदगी की बात भी सामने आई है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह विवाह का मिलन दोनों की पूरी रजामंदी से हुआ या फिर सामाजिक दबाव में शादी की रस्म निभाई गई।

प्रेमी युगल के रिश्ते को लेकर ग्रामीणों की अपनी दलीलें हैं, लेकिन दोनों की वास्तविक सहमति को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। यही वजह है कि वायरल वीडियो के बाद इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह दो दिलों की मोहब्बत का मुकम्मल अंजाम था या फिर गांव की भीड़ के दबाव में लिया गया फैसला इसका जवाब जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है। वायरल वीडियो की सत्यता, घटनाक्रम और प्रेमी-प्रेमिका की इच्छा समेत तमाम पहलुओं को जांच के दायरे में रखा जा रहा है। इश्क की यह कहानी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है, लेकिन इसके पीछे छिपी हकीकत पुलिसिया जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

हीरेश कुमार