रसोई गैस ने मचाई तबाही, आग की लपटों के बीच सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट, राख हीं राख

Bihar Fire Accident: खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया।...

LPG Cylinder Blast Sparks Fire Woman Injured in Ghorghat
रसोई गैस ने मचाई तबाही- फोटो : reporter

Bihar Fire Accident: मुंगेर बरियारपुर थाना क्षेत्र के घोरघट में बीती रात गैस सिलेंडर ब्लास्ट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया। हादसा इतना भयावह था कि परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्हें जान बचाकर घर से बाहर निकलना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, घोरघट निवासी जागेश्वर मंडल के घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। घर में मौजूद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।इसी बीच आग की चपेट में आया गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ ब्लास्ट कर गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज आसपास के इलाकों में काफी दूर तक सुनाई दी। तेज धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग ने घर में रखा काफी सामान अपनी जद में ले लिया था। बताया जा रहा है कि घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।सिलेंडर में आग लगने और उसके बाद हुए धमाके से मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक नुकसान के साथ-साथ रहने की भी मुश्किल खड़ी हो गई है।

इस हादसे में जागेश्वर मंडल की पत्नी रिंकू देवी के झुलसने की बात सामने आई है। उनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है। हादसे में अन्य लोगों के सुरक्षित बच निकलने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।घटना का कथित लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घर से उठती आग की भयावह लपटें और उसके बाद गैस सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग हादसे की भयावहता का अंदाजा लगा रहे हैं।

फिलहाल गैस सिलेंडर में आग लगने और उसके बाद ब्लास्ट होने की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। क्या गैस लीकेज के कारण आग लगी या इसके पीछे कोई तकनीकी खामी थी, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।घटना के बाद इलाके के लोगों में भी गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं, हादसे से पीड़ित परिवार सदमे में है। प्रशासन और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही नुकसान और हादसे के कारणों की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।एक मामूली घरेलू काम के दौरान अचानक लगी आग ने कुछ ही पलों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के सदस्यों के समय रहते बाहर निकल जाने से जान बच गई, लेकिन घर और सामान के नुकसान ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान