थाना परिसर से गिट्टी लदा जब्त ट्रक गायब मामले मे SP की बड़ी कार्रवाई : मुंशी व सिपाही निलंबित, तत्कालीन थानाध्यक्ष पर भी गाज
मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना परिसर में खड़े गिट्टी लदे जब्त ट्रक के अचानक गायब होने के मामले में SP सैयद इमरान मसूद ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है....
Munger : जिले के मुफस्सिल थाना परिसर में खड़े गिट्टी लदे जब्त ट्रक के अचानक रहस्यमयी तरीके से गायब होने के मामले में पुलिस अधीक्षक (SP) सैयद इमरान मसूद ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गठित जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही बरतने के आरोप में थाना मुंशी समेत दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, तत्कालीन थानाध्यक्ष के निलंबन और खनन अधिकारी के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा भेजी गई है।
3 जुलाई को खनन विभाग ने सौंपा था ट्रक, थाने से ही हो गया गायब
पूरा मामला 3 जुलाई 2026 का है, जब खनन विभाग की टीम ने अवैध परिवहन के मामले में गिट्टी लदे एक ट्रक को जब्त किया था। खनन विभाग द्वारा 11 लाख 18 हजार रुपये का चालान काटते हुए जब्त ट्रक को कागजी प्रक्रिया (जब्ती सूची) के साथ मुफस्सिल थाना की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया था। लेकिन कुछ ही दिनों बाद थाना परिसर से ही ट्रक गायब हो गया। थाने से जब्त वाहन गायब होने की सूचना से महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद एसपी सैयद इमरान मसूद ने मुख्यालय डीएसपी अर्जुन कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक जांच समिति का गठन किया।
झूठे दावों की खुली पोल: खनन विभाग ने पुलिस की रिसीविंग SP के सामने रखी
शुरुआत में थाना पुलिस की ओर से यह सफाई दी गई थी कि खनन विभाग के अधिकारी ट्रक को थाने के बाहर छोड़कर चले गए थे और कोई आधिकारिक जब्ती सूची नहीं सौंपी गई थी। हालांकि, खनन विभाग ने पुलिस के इन दावों को खारिज करते हुए थाना पुलिस द्वारा दी गई रिसीविंग की मूल प्रति एसपी के समक्ष प्रस्तुत कर दी। इससे साफ हो गया कि ट्रक की कस्टडी आधिकारिक रूप से थाने को दी गई थी और पुलिसकर्मियों ने घोर लापरवाही बरती थी।
मुंशी और ड्यूटी सिपाही निलंबित, थानाध्यक्ष के निलंबन हेतु DIG को पत्र
डीएसपी की जांच रिपोर्ट आने के बाद एसपी सैयद इमरान मसूद ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिपाही (मुंशी) अरविंद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं ओडी (OD) ड्यूटी पर तैनात PTC धनंजय कुमार को भी लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया। तत्कालीन मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह के निलंबन के लिए डीआईजी (DIG) से अनुशंसा की गई है। इसके साथ ही खनन निरीक्षक मोहम्मद अरमान के खिलाफ भी विभागीय एवं प्रशासनिक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी (DM) को अनुशंसा भेजी गई है।
राजेश कुमार-2 बने मुफस्सिल थाना के नए थानाध्यक्ष
इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इंस्पेक्टर राजेश कुमार-2 को मुफस्सिल थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पुलिस ने मामले की आपराधिक पहलू से भी जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद भी बड़ा सवाल यही कायम है कि कड़ी सुरक्षा वाले थाना परिसर से आखिर गिट्टी लदा ट्रक किसकी शह पर और कहां गायब हुआ?
इम्तियाज खान की रिपोर्ट